जयपुर

विधायक की मन्नत पूरी: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने MLA को पहनाए जूते

जयपुर डेस्क :

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में सोमवार को सीएमआर (मुख्यमंंत्री आवास) में पचपदरा विधायक मदन प्रजापत को जूते पहनाए गए। साथ ही उन्हें चांदी की जूतियां भेंट की गई। 23 फरवरी 2022 से मदन प्रजापत बालोतरा को जिला बनाने की मांग को लेकर नंगे पैर थे। उन्होंने विधानसभा के बाहर अपने जूते छोड़ दिए थे।

प्रजापत ने शपथ ली थी कि जब तक बालोतरा को जिला बनाने की घोषणा नहीं होगी वे जूते नहीं पहनेंगे। इसके बाद करीब 1 साल से प्रजापत नंगे पैर ही रहे। 17 मार्च को विधानसभा में मुख्यमंत्री ने बालोतरा समेत 19 नए जिलों की घोषणा की।

खुशी में उनके समर्थकों ने विधायक को 750 ग्राम चांदी की जूतियां भेंट की। सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सीएम गहलोत की मौजूदगी में प्रजापत को नए जूते पहनाए गए।

पचपदरा से कार्यकर्ता पहुंचे थे मुख्यमंत्री आवास

सोमवार को पचपदरा विधानसभा से कई कार्यकर्ता मदन प्रजापत के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को धन्यवाद देने उनके जयपुर स्थित आवास पहुंचे थे। इसी दौरान मदन प्रजापत को अशोक गहलोत ने जूते पहनाकर विधायक का संकल्प पूरा करवाया।

विधायक प्रजापत ने कहा कि पहली बार एक साथ 19 जिले बनाकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने क्रांतिकारी फैसला लिया है। मेरी भावनाओं की कद्र करते हुए बालोतरा को जिला बनाया। ये मेरी जीत नहीं बल्कि 36 कौम की जीत है।

विधायक ने कहा कि जब मैने जूते त्यागे थे तो मेरे साथ कई कार्यकर्ताओं ने जूते त्याग दिए थे। इसके बाद जब समझाइश करने पर उन्हे जूते पहनाए गए। 6 लोग जिद पर अड़े रहे और मेरे साथ ही जयपुर में इन्होंने जूते पहने हैं।

सीएम हाउस पर हुआ रंगारंग कार्यक्रम

पचपदरा विधानसभा क्षेत्र से कई गांवों के लोग सोमवार को सीएम हाउस पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री के सामने उन्होंने गेर नृत्य किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का धन्यवाद ज्ञापित किया। मदन प्रजापत ने शंख बजाकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का स्वागत अभिनंदन किया।

अब राजस्थान में 50 जिले हो गए-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पचपदरा और बालोतरा से आए लोगों से कहा कि बालोतरा को जिला बनाने की मांग लंबे से समय से चली आ रही है। मदन प्रजापत विधायक बने उससे पहले की ये मांग है। 1956 में जब राजस्थान का गठन हुआ तो 26 जिले थे। उसके बाद 75 साल में 7 जिले और बने। अब जनता के आशीर्वाद से राजस्थान में 50 जिले हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!