Uncategorized

भोपाल में स्पोर्ट्स कार की टक्कर से 10 फीट उछला नाबालिग: मड रैली में रेसिंग के दौरान हादसा

लड़का गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

भोपाल डेस्क :

भोपाल में मड रैली चैंपियनशिप में एक नाबालिग लड़का स्पोर्ट्स कार की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद वह 10 फीट तक उछला। गंभीर हालत में उसे निजी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है। लड़के की उम्र 15 से 17 साल बताई जा रही है। फिलहाल इस मामले में थाने में केस दर्ज नहीं किया गया है। न ही किसी ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

भौंरी क्षेत्र में रविवार सुबह 10 बजे से टीम 3-C ने चैंपियनशिप की शुरुआत की। मड रैली में 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसे देखने डेढ़ से 2 हजार लोग पहुंचे थे। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि टक्कर के बाद लड़का हवा में उछलकर दूर जा गिरा। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। शाम को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।

ये दिख रहा वीडियो में
वीडियो में दिख रहा है कि एक जीप तेजी से आ रही है। इसी दौरान ट्रैक के किनारे एक लड़का खड़ा है। जीप करीब आते ही वो कार की चपेट में आ जाता है। कार उसे टक्कर मारते हुए आगे बढ़ जाती है। टक्कर का पता तब चलता है, जब लड़का करीब 10 फीट तक ऊपर उछलता दिखता है। खजूरी थाना प्रभारी नीरज वर्मा के मुताबिक मड चैलेंज के दौरान हादसा हुआ है। एक बच्चे को चोट लगी है। उसे अस्पताल भिजवाया गया है।

दो कैटेगिरी में विजेताओं को मिले पुरस्कार

रैली में लोगों में उत्साह देखने को मिला। सभी लोग प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया। मड रैली के बाद पेट्रोल और डीजल दो कैटेगिरी में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

बता दें कि मानसून आते ही शहर के आस- पास या उबड़-खाबड़ इलाकों में मड रैली होती है। आयोजक असलम के मुताबिक मड रैली की प्लानिंग लंबे समय से थी, लेकिन बारिश के चलते ट्रैक काफी कठिन हो गया था। जगह-जगह कीचड़ के साथ पानी भरा हुआ था। इसके साथ कई जगहों पर थोड़ी हाइट भी है। साथ ही मोड़ भी काफी कठिन थे।

कई दिन से चली थी प्रैक्टिस
प्रतिभागी आतिफ ने जिप्सी चलाई। उन्होंने कहा, लंबे समय से इवेंट के लिए प्रैक्टिस कर रहे थे। मेरे अलावा कई अन्य सीनियर साथी भी इस इवेंट के लिए प्रैक्टिस लंबे समय से कर रहे थे। बता दें कि भोपाल में लंबे समय से मड चैलेंज जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

ये रहे विनर

पेट्रोल कैटेगरी
प्रथम – कैफ- 71 हजार रुपए
सेकंड – शाहिद- 41 हजार
थर्ड – अनस शाह- 31 हजार रुपए

डीजल कैटेगरी
प्रथम -सलमान- 51 हजार रुपए
द्वितीय -यासिर- 41 हजार
थर्ड – बिलाल – 31 हजार रुपए

क्या होता है मड चैलेंज रैली
राजधानी समेत कई शहरों में मड चैलेंज रैली का आयोजन होता है। इस रैली में शामिल होने वाले प्रतिभागी पहाड़ी रास्तों पर कीचड़, पानी से सनी खराब मार्ग पर फोर-व्हील और बाइक से स्टंट के साथ अपनी रफ्तार को काबू करते हैं। मड चैलेंज रैली को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग भी पहुंचते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!