विदिशा

सावन के तीसरे सोमवार पर देवपुर धाम से कावड़ लाकर किया भगवान शिव का जलाभिषेक

आनंदपुर डेस्क:

सावन के पावन तीसरे सोमवार पर आनंदपुर क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्षेत्र के डेढ़ दर्जन से अधिक युवा श्रद्धालुओं ने करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित देवपुर धाम के पवित्र जल कुंड से कावड़ में जल भरकर आनंदपुर के शिवालय में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कावड़ यात्रा में डमरू की गूंज, हर हर महादेव के जयकारे और शिवभक्ति की ऊर्जा ने पूरे मार्ग को पावन वातावरण में ढाल दिया।

यात्रा में शामिल भक्तों ने बताया कि यह परंपरा बीते कई वर्षों से निरंतर निभाई जा रही है। भक्त संदीप पाटीदार और ऋतिक राव ने जानकारी दी कि “सावन मास भगवान शिव को समर्पित है, और हम सभी युवाओं ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि सावन के हर सोमवार को किसी न किसी पवित्र स्थल से जल लाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यह न केवल हमारी श्रद्धा है बल्कि गांव और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना का माध्यम भी है।”

इस बार की यात्रा में ओम प्रकाश कुशवाहा, कुणाल शर्मा, अनिल और हर्षित सहित कुल 18 से अधिक युवा भक्तों ने भाग लिया। सभी ने पैदल यात्रा करते हुए करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय की और शिवालय पहुंचकर भोलेनाथ का अभिषेक किया।

कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया गया, भक्तों को फल, जल एवं विश्राम की व्यवस्था भी कराई गई। इस अवसर पर क्षेत्र में शिवभक्ति की अद्वितीय छटा बिखरी रही, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक और शिवमय बन गया।

यह कांवड़ यात्रा युवाओं में भक्ति और सेवा की भावना को मजबूत कर रही है तथा ग्रामीण परंपराओं को जीवंत रखने का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनती जा रही है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!