विधानसभा मानसून सत्र 2025- 35 मिनट ही चल सका सदन: खिलौना गिरगिट लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी, बोले- ओबीसी आरक्षण पर रंग बदल रही सरकार

भोपाल डेस्क :
विधानसभा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन पर रोक का आदेश मानसून सत्र के पहले दिन ही बेअसर साबित हुआ। कांग्रेस विधायक हाथों में तख्तियां और खिलौना गिरगिट लेकर पहुंचे और सदन के बाहर प्रदर्शन किया।
कांग्रेसी विधायकों ने सरकार पर ओबीसी वर्ग से वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए बार-बार गिरगिट की तरह रंग बदलने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ओबीसी को 27% आरक्षण नहीं देना चाहती। इसलिए बार-बार अदालतों में अपना स्टैंड बदलती है।
विधानसभा की कार्रवाई शुरू होते ही 9 पूर्व विधायक, सांसद, मंत्री और पूर्व हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही पहलगाम आतंकी हमले और अहमदाबाद हवाई दुर्घटना के मृतकों को सदन की ओर से श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्रवाई मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। पहले दिन सिर्फ 35 मिनट ही सदन की कार्यवाही चल सकी।
संसद की तरह विधानसभा में लागू हुआ ड्रेस कोड
मानसून सत्र के विधानसभा में संसद की तरह वेल ऑफ द हाउस बैठने वाले कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है। पहली बार विधानसभा सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी वेल ऑफ द हाउस में एक जैसी ड्रेस में नजर आए। इस नवाचार के लिए सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा अध्यक्ष को बधाई दी।
सदानीरा प्रदर्शनी में दिखेगा प्रदेश की नदियों का सौंदर्य विधानसभा के सेंट्रल हॉल में जल गंगा संवर्धन अभियान पर केंद्रित सदानीरा प्रदर्शनी लगाई गई है, जो पूरे मानसून सत्र तक लगी रहेगी। विस अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, सीएम मोहन यादव, संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसका उद्घाटन किया।
विस में मनाई जाएगी सभी पूर्व दिवंगत विस अध्यक्ष और मुख्यमंत्रियों की जयंती-पुण्यतिथि
विधानसभा में अब सभी पूर्व दिवंगत विधानसभा अध्यक्षों और पूर्व मुख्यमंत्रियों की जन्म जयंती और पुण्यतिथि मनाई जाएगी। सत्र शुरू होने से पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने यह प्रस्ताव रखा, जिसका मुख्यमंत्री मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत सभी मंत्रियों और सदस्यों ने समर्थन किया। बैठक में मानसून सत्र के दौरान होने वाले विधायी कामकाज को लेकर चर्चा हुई।
आज पेश होगा सप्लीमेंट्री बजट, भू-जल पर होगी चर्चा
मंगलवार को विधानसभा में सरकार की ओर से डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा सप्लीमेंट्री बजट पेश करेंगे। इसके अलावा श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल मप्र श्रम विधियां (संशोधन) और प्रकीर्ण विधेयक 2025 पेश करेंगे। राज्य सरकार नियम 139 के तहत प्रदेश में गिरते भूजल स्तर को लेकर विशेष चर्चा कराएगी।



