लक्ष्मण सिंह ने कसा तंज कहा- राजा-महाराजा: राजा गायक बने हैं, महाराजा कहते हैं वो मकड़ी हैं; मतदाता असमंजस में हैं

गुना डेस्क :
पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने फिर एक बार अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजा गायक बने हैं और महाराजा मकड़ी। दरअसल कुछ दिन पहले दिग्विजय सिंह ने राघोगढ़ किले पर आयोजित होने वाले हिल्ला पर वीडियो जारी कर गाना गाया था। वहीं सिंधिया ने एक कार्यक्रम में खुद को मकड़ी बताया था।
बता दें कि लक्ष्मण सिंह अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। वह राहुल गांधी पर भी कह चुके हैं कि वह राहुल गांधी को बड़ा नेता नहीं मानते। आप भी मत मानो। वह अपने बड़े भाई के बयानों पर भी कई बार सवाल उठा चुके हैं। एक कार्यक्रम में उन्होंने दिग्विजय सिंह पर कह दिया था कि बीजेपी ने 20 साल पहले बंटाधार नाम रखा था। आज भी यह नाम चल रहा है। इसका आंकलन करना जरूरी है कि आज भी यह नाम क्यों चल रहा है। साथ ही उन्होंने एक कार्यक्रम में यह भी कहा कि EVM तो हम ही लेकर आये। सारी EVM खराब नहीं होती। ऐसा होता तो हम हिमाचल में कैसे जीते, राजस्थान में कैसे जीते थे।
इस बार उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया ‘X’ पर लिखा- “राजा गायक बने हैं, महाराजा कहते हैं वो”मकड़ी” हैं सड़कों का जाल बिछाया है। मतदाता असमंजस में है। आज के लिए इतना ही पर्याप्त है।”
केजरीवाल पर भी कसा था तंज
पिछले मंगलवार को उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर तंज कसा था। उन्होंने सोशल मीडिया ‘X’ पर लिखा- “अरविंद केजरीवाल जी जेल में हैं जिन्होंने सत्याग्रह कर पानी और नमक से अपना व्रत तोड़ा था और पार्टी बनाकर सरकार दो प्रदेशों में बनाई थी। दुख की बात है कि वो शराब घोटाले के आरोप में बंद हैं। सत्ता का प्रभाव है। अब शायद अनशन नमक पानी से नहीं,बीयर से तोड़ेंगे।”

सिंधिया ने खुद को बताया था मकड़ी
पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना लोकसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान शिवपुरी में उन्होंने खुद को मकड़ी बता दिया था। केंद्रीय मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि मैं गुना शिवपुरी की मकड़ी हूँ। मकड़ी क्या करती है…जाल बनाती है। इसी तरह मैंने भी सड़कों का जाल बनाया है। मनिखेड़ा से पानी, नहर, कोलारस से बामोरी तक सड़क बनाई। यहाँ से राजस्थान बॉर्डर तक सड़क बनाई। ग्वालियर से शिवपुरी, गुना होते हुए देवास ताज 450 किलोमीटर का फोरलेन हाइवे बनाया। आज पढोरा को तीनो तरफ़ से मैंने हाईवे से घेर दिया है। मैंने हर वो काम किया जो आपने कहा और वो भी किया जो आपने नहीं भी कहा।
दिग्विजय सिंह ने गाया था गाना
राघौगढ़ किले पर गुरुवार को ‘हिल्ला’ मनाया गया। 25 साल बाद दिग्विजय सिंह इसमें शामिल होने वाले थे, लेकिन किसी कारणवश वे नहीं आस के। उन्होंने VIDEO जारी कर कहा, ‘हिल्ला के शुभ अवसर पर आप सभी को मेरी बधाई। चाहते हुए भी आप लोगों के बीच आज नहीं हूं। क्षमा चाहता हूँ। उन्होंने ‘हिल्ला’ पर गाया जाने वाला होली गीत गाया, ‘राजा बल के द्वार मची री होली, के चढ़ आयो तो पे लख बंजारो..।’



