बर्फीली हवाओं की चपेट में प्रदेश: खजुराहो-ग्वालियर में दो दिन से कोल्ड-डे
मध्यप्रदेश में दिन ठंडे, अब रात का टेम्प्रेचर भी लुढ़का

भोपाल डेस्क :
पहाड़ों में बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश में भी है। बर्फीली हवाएं आने से प्रदेश के कई शहरों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति है। गुरुवार को खजुराहो-ग्वालियर में कोल्ड-डे रहा। दोनों ही शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 15 डिग्री से कम रहा। पिछले दो दिन से ऐसा ही मौसम है। शुक्रवार को भी प्रदेश में ठंड का असर रहेगा। 20 जनवरी के बाद रात में भी कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
मौसम केंद्र भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अगले 2 से 3 तक दिन का टेम्प्रेचर कम रहेगा। उत्तरी भारत से हवा की स्पीड अधिक है। इस वजह से कई शहरों में कोल्ड-डे का अलर्ट भी है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में। शुक्रवार को कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहा।
खजुराहो सबसे ठंडा, दो दिन से ऐसा ही मौसम
गुरुवार को खजुराहो प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 13.5 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री रहा। नौगांव, टीकमगढ़ सतना और सीधी में अधिकतम टेम्प्रेचर 20 डिग्री से कम रहा। इधर, कई शहरों में मौसम बदला रहा। बालाघाट जिले के मलाजखंड में हल्की बारिश भी हुई। 15 डिग्री से कम तापमान रहने से खजुराहो और ग्वालियर में कोल्ड-डे रहा।

भोपाल में 24.3 डिग्री रहा पारा, जबलपुर में 22.2 डिग्री
बड़े शहरों की बात करें, तो गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री, इंदौर में 24.5 डिग्री, जबलपुर में 22.2 डिग्री और उज्जैन में 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान खरगोन में 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम और खंडवा में भी तापमान 26 डिग्री से अधिक रहा।
आज इन जिलों में कोहरा

- हल्के से मध्यम कोहरा: सिंगरौली, रतलाम, गुना और अशोकनगर जिलों में। यहां विजिबिलिटी 200 से 800 मीटर रहने का अनुमान है।
- मध्यम से घना कोहरा: सागर, चंबल संभाग के साथ सीधी, रीवा, मऊगंज, शिवपुरी, ग्वालियर और दतिया जिलों में। यहां 50 से 500 मीटर तक विजिबिजिटी रहेगी।



