न्यूज़ डेस्क

गर्मी के तीखे तेवर जारी, प्रदेश में सबसे तपा खरगोन, पारा 45 डिग्री के करीब: खजुराहो में लू जैसे हालात; भोपाल, ग्वालियर, रतलाम और खंडवा में पारा 43 के पार

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश में गर्मी के तेवर बढ़ते जा रहे है। आज भी खरगोन प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 44.8 दर्ज किया गया। हालांकि शनिवार को यहां पारा 46 डिग्री था। सबसे ज्यादा तपने के लिहाज से खरगोन दुनिया का चौथा शहर रहा। हालांकि दो दिन की तुलना में रविवार को तापमान में कमी आई। इधर खजुराहो, दमोह और नौगांव में पारा 44 डिग्री क्रॉस कर गया। यहां लू जैसे हालात है।

भोपाल में भी झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्मी के चलते लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। गर्मी के तीखे तेवर ग्वालियर, खंडवा, रतलाम, गुना, सागर में भी नजर आए। ग्वालियर में 43.6 डिग्री, खंडवा में 43.5 डिग्री, रतलाम में 43.5 डिग्री, गुना में 43.5 डिग्री, सागर में 43.3 डिग्री, टीकमगढ़ में 43 डिग्री और शिवपुरी में 43 डिग्री तापमान रहा।

खरगोन में सड़के और बाजारों में सन्नाटा

खरगोन में दिन के साथ अब रातें भी गर्म हो गई हैं। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से मौसम साफ रहा। रविवार को तापमान में 1 डिग्री की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन गर्मी और तपन शनिवार की तुलना में अधिक रही। रविवार दोपहर तेज धूप के कारण सड़कों पर चहल-पहल कम रही। प्रमुख रोड और बाजारों में सन्नाटा रहा। बहुत कम लोग सड़कों पर दिखाई दिए। गर्मी की असर जिला अस्पताल में भी दिखाई दिया। यहां भी मरीज गर्मी से बेहाल नजर आए। जिला अस्पताल में वार्डो से कूलर नदारद दिखाई दिए। वहीं वार्ड के बाहर बरामदे मरीजों को परिजन हवा देते दिखाई दिए।

भोपाल में बिजी मार्केट रहे सूने

भोपाल में रविवार सुबह से तेज धूप रही। गर्म हवाएं भी चलीं। इससे कोलार, एमपी नगर, बिट्‌टन मार्केट, न्यू मार्केट जैसे व्यस्ततम बाजारों में भी लोगों का आना-जाना कम रहा। हालांकि दोपहर बाद बादल छा गए, लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ। वातावरण शुष्क रहा। मौसम विभाग ने भी भोपाल में अगले दो दिन बादल छाने और बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

ग्वालियर में सड़कों पर कर्फ्यू जैसा माहौल

ग्वालियर में तेज धूप, गर्मी से सड़कों पर कर्फ्यू जैसा माहौल है। दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सड़कें सूनी नजर आई। नौतपा 22 मई से शुरू होने वाला है, लेकिन इससे पहले ही तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। तेज धूप के कारण सड़कों पर डामर तक पिघलने लगा है। लोग घरों से बाहर निकलने से बचते रहे।

खजुराहो में झुलसा रहे गर्म हवा के थपेड़े

मौसम विभाग के अधिकारी शिवम श्रीवास्तव की मानें तो रविवार को खजुराहो में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लगातार चिलचिलाती धूप और मौसम साफ रहने से भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लोगों को चेहरा ढंक कर बाहर निकलने की सलाह भी दी है। यहां गर्म हवा के थपेड़ों से लोग परेशान है। हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है। गर्मी के चलते खजुराहो के चंदेलकालीन और प्राचीन कालीन मंदिर प्रांगण भी सुनसान नजर आए।

पचमढ़ी में गर्मी से राहत

मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में प्रदेश के अन्य हिस्सों की तुलना में गर्मी से थोड़ी राहत है। यहां रविवार को तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं इंदौर में 40.8 डिग्री पारा रिकॉर्ड हुआ है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने से ग्वालियर, रीवा-चंबल संभाग में 16 से 20 मई के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जगह गर्मी के तेवर तीखे ही रहेंगे। खासकर मालवा-निमाड़ खूब तपेंगे। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास रह सकता है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!