पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बोले- महिलाओं को हर साल देंगे 18 हजार: कांग्रेस का दावा- किसान सम्मान निधि से तीन गुना ज्यादा मदद मिलेगी
न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी के चीफ कमलनाथ ने ऐलान किया है कि वे महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने देंगे। इस तरह सालाना 18 हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने के बाद महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए योजना शुरू की जाएगी। दावा है- यह योजना पीएम किसान सम्मान निधि से 3 गुना अधिक आर्थिक सहायता देने वाली स्कीम होगी। इस संबंध में कमलनाथ ने ट्वीट भी किया।
रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में लाडली बहना योजना लॉन्च की है। इसके तहत एक हजार रुपए हर महीने यानी साल में 12 हजार रुपए महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे। चुनाव से पहले इसे शिवराज सरकार का बड़ा दांव माना जा रहा है।
इसके जवाब में कमलनाथ ने कहा कि शिवराज की ‘लाडली बहना योजना’ में महिलाओं को शामिल करने पर कम और योजना से बाहर करने पर ज्यादा जोर दिया गया है। यह सिर्फ दिखावटी योजना है। इसके मुकाबले में कांग्रेसी सच्ची और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजना लेकर आएगी।
नाथ का दावा- एमपी में बन रही कांग्रेस की सरकार
कमलनाथ ने दावा किया कि “मैं प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को सुखद सूचना देना चाहता हूं। कुछ महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने वाली है। कांग्रेस सरकार महिलाओं को प्रतिवर्ष 18 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देगी। यह दुनिया की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण योजना बनेगी। यह घोषणा किसी मशीन की घोषणा नहीं है, जो हर रोज पलट जाते हैं। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की महिलाओं को देश में सबसे अधिक आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। हम वह सब पूरा करेंगे।
कांग्रेस का दावा- किसान सम्मान निधि से तीन गुना ज्यादा मदद मिलेगी
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि कमलनाथ जो योजना शुरू करेंगे, उसका दायरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान सम्मान निधि से 3 गुना ज्यादा बड़ा होगा। किसान सम्मान निधि में कृषक परिवार को महज साल में छह हजार रुपए मिलते हैं, जबकि कांग्रेस की महिला सशक्तिकरण योजना में महिला को 18 हजार हर साल मिलेंगे।
कांग्रेस बोली- पिछले चुनाव में शिवराज ने स्कूटी का वादा किया था
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि शिवराज सरकार पिछले कई सालों लगातार झूठी घोषणाएं करती आ रही है, लेकिन इन पर अमल नहीं किया। लाडली बहना योजना से पहले शिवराज सरकार लाड़ली लक्ष्मी योजना भी लेकर आई थी, लेकिन वह फ्रॉड साबित हुई। शिवराज सिंह चौहान ने 2018 के घोषणा पत्र में 12वीं पास करने वाली बच्चियों को स्कूटी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार का कार्यकाल खत्म होने के बाद भी इन बच्चों की स्कूटी का अता पता नहीं है। हर साल एक लाख सरकारी नौकरी और हर महीने 2 लाख रोजगार का शिवराज सरकार का वादा भी झूठा साबित हुआ है। कांग्रेस सरकार ने किसानों की जो कर्ज माफी शुरू की थी, उसे भी शिवराज सरकार ने बंद कर दिया है।



