देवांश दे गया कई लोगों को नया जीवन: इकलौते बेटे की ब्रेन डैड; किडनी-लीवर डोनेट: अयोध्या के लिए पदयात्रा पर निकला था; दुर्घटना में सिर पर लगी गंभीर चोट

इंदौर डेस्क :
देवास के ब्रेन डैड युवक की शुक्रवार को किडनी, लीवर,आंखें और स्किन डोनेट की गई। युवक की जन्म से ही एक किडनी थी। उसके लीवर के लिए बॉम्बे हॉस्पिटल से चोइथराम हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। युवक का नाम देवांश पिता चंद्रमणि (21) निवासी शिव शक्ति नगर देवास है। वह देवास से अयोध्या के लिए अपने साथियों के साथ पदयात्रा के लिए निकला था। इस बीच सांची के पास उसका एक्सीडेंट हो गया था। उसे भोपाल के एक हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। वहां से बॉम्बे हॉस्पिटल रेफर किया। यहां गुरुवार को डॉक्टरों ने ब्रेन डैड घोषित कर दिया था।
देवांश के रिश्तेदारों और मां रश्मि जोशी व बहन ने उसकी किडनी, लीवर, आंखें और स्किन डोनेट करने की इच्छा जताई थी। इस पर मुस्कान ग्रुप के सेवादार संदीपन आर्य व जीत बगानी ने समन्वय कर तैयारियां की। उसकी किडनी शुक्रवार दोपहर को बॉम्बे हॉस्पिटल में एडमिट 45 वर्षीय महिला को ट्रांसप्लांट की गई। लीवर चोइथराम हॉस्पिटल में एडमिट पेशेंट को ट्रांसप्लांट किया गया। जिसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। देवांश की मां रश्मि जोशी देवास में पटवारी हैं।



