ग्वालियर

CM शिवराज आज लाड़ली बहनों से होंगे रूबरू: करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन एवं लोकार्पण

ग्वालियर डेस्क :

CM शिवराज सिंह चौहान विकास कार्यों की सौगातें लेकर आज ( शनिवार) को ग्वालियर प्रवास पर आ रहे हैं। ग्वालियर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री चौहान बेहटा में बघेल समाज के सम्मेलन, मेला मैदान में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन सह मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण कार्यक्रम, अचलेश्वर मंदिर पर जगन्नाथ रथ यात्रा एवं हजार बिस्तर के अस्पताल व सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के लोकार्पण व निरीक्षण सहित अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

CM चौहान के साथ केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित राज्य सरकार के अन्य मंत्रिगण एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण भी इन कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे।

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान शनिवार दोपहर लगभग सवा 12 बजे राजकीय विमान से राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा बेहटा पहुंचकर लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। साथ ही बघेल समाज के सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वह बघेल समाज के लोगों को संबोधित भी करेंगे।
लाड़ली बहनों से करेंगे CM बात
मुख्यमंत्री चौहान दोपहर लगभग 1.30 बजे मेला मैदान में पहुंचकर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन सह मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही यहां CM चौहान लाड़ली बहनाओं से रूबरू भी होंेगे। इसके बाद मुख्यमंत्री चौहान इस अवसर पर 777 करोड़ रूपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें लगभग 185 करोड़ रूपए लागत के भूमिपूजन और लगभग 592 करोड़ रूपए लागत के लोकार्पण शामिल हैं। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत महिला हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करने के साथ-साथ लाड़ली बहनाओं का सम्मान कर उनसे संवाद भी करेंगे।
हिंदी साहित्य भवन का भूमिपूजन, हजार बिस्तर अस्पताल का लोकापर्ण भी करेंगे
मुख्यमंत्री चौहान मेला मैदान पर आयोजित समारोह के बाद सिटी सेंटर क्षेत्र में पहुंचकर मध्य भारत हिन्दी साहित्य भवन का भूमिपूजन करेंगे। इसके पश्चात अचलेश्वर मंदिर पर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद हजार बिस्तर अस्पताल और सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण एवं निरीक्षण करने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री चौहान इस कार्यक्रम के बाद विमानतल पहुंचकर वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।
CM के दौरे के लिए सुरक्षा चाक चौबंद
CM शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह व ज्योतिरादित्य सिंधिया के ग्वालियर प्रवास के दौरान शनिवार को शहर की किले बंदी कर दी गई है। सुबह से ही पुलिस के पांच सौ से ज्यादा जवान व अफसर मोर्चा संभाल लेंगे। एयरपोर्ट से लेकर मेला ग्राउंड तक कड़ी सुरक्षा लगाई गई है। वीवीआईपी रूट पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। मेला ग्राउंड के रास्ते पर उन्हीं वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा जो कार्यक्रम में जा रहे हैं।
सीएम के दौरे को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगाई
ग्वालियर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं नरेंद्र तोमर के शनिवार के प्रस्तावित दौरे को लेकर हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका पेश की गई है, जिसमें इस दौरे की प्रासंगिकता पर सवाल उठाए गए हैं।अधिवक्ता उमेश बोहरे के मुताबिक सीएम शिवराज सिंह के दौरे को कई इवेंट में बांटा गया है। जिसमें करोड़ों रुपए खर्च होने का अनुमान है। एक हजार बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण फिलहाल आधा अधूरा है उसका फर्श और टाइल्स कई जगह से उखड़ रही है वही इलाज के लिए लोगों को फिलहाल कोई सुविधा नहीं दी जा रही है कि किस बीमारी का इलाज कहां होगा, लोग नए और पुराने अस्पताल के बीच झूलते रहते हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!