मध्यप्रदेश

पूर्व नेता प्रतिपक्ष और पूर्व गृह मंत्री की बंद कमरे में चर्चा: डॉ. गोविंद सिंह बोले- कई लोग इसलिए गए क्योंकि पार्टी सम्मान नहीं दे पाई

भोपाल डेस्क :

कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह मंगलवार को पूर्व गृह मंत्री व बीजेपी की न्यू जॉइनिंग टोली के संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मिले। दोनों नेताओं के बीच नरोत्तम के आवास पर बंद कमरे में आधे घंटे तक चर्चा हुई।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा से मिलने के बाद डॉ. गोविंद सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा- हमारी मुलाकातें होती रहती हैं। हम पड़ोसी हैं। छात्र जीवन से एक-दूसरे के साथ हैं। वे हमारे यहां आते हैं, हम उनके यहां आते – जाते रहते हैं।

कांग्रेस नेताओं के बीजेपी में शामिल होने को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा- कई लोग इसलिए चले गए क्योंकि वे लोग जो मान-सम्मान चाहते थे। उतना मान-सम्मान पार्टी नहीं दे पाई। उनकी महत्वाकांक्षाएं ज्यादा हैं, इसलिए जा रहे हैं। मेरा मुरैना से चुनाव लड़ने का विचार था, लेकिन मैंने विचार त्याग दिया है। वैसे पार्टी हमें टिकट भी नहीं दे रही।

बोले- कांग्रेस में हूं और रहूंगा
भाजपा जॉइन करने के सवाल पर गोविंद सिंह ने कहा- हम भाजपा जॉइन करने वाले नहीं हैं। हम तो दोस्ती के नाते आए हैं। अगर कोई ऐसी बात होती तो हम पहले ओपन करते हैं। आप लोगों को ओपन कर देंगे। मैं कांग्रेस में हूं और कांग्रेस में रहूंगा।

दल अलग, लेकिन दोस्ती पुरानी है
गोविंद सिंह ने कहा, हम डॉ. नरोत्तम मिश्रा से हमेशा मिलते रहते हैं। चुनाव के बाद भी मिले हैं। दल अलग-अलग भले हैं, लेकिन दोस्ती है। आप देखिए हरियाणा वाले वीरेंद्र सिंह भाजपा में हैं, उनका बेटा कांग्रेस में आ गया। दोनों बाप-बेटे एक साथ, एक मकान में रह रहे हैं। सुचेता कृपलानी कांग्रेस की नेता थीं। आचार्य कृपलानी समाजवादी थे। दोनों एक घर में रहते थे, लेकिन पार्टियां अलग-अलग थीं।

टिकट की बात नेतृत्व बताएगा
अब तक लोकसभा चुनाव के टिकट घोषित न कर पाने के सवाल पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा, यह पार्टी का नेतृत्व जाने, मैं टिकट वितरण कमेटी में नहीं हूं। जब दिल्ली में था तब बता देता था। यह तो नेतृत्व को देखना चाहिए। पार्टी ने जिन्हें जिम्मेदारी दी है वह निभा रहे हैं। हमें जो जिम्मेदारी देगी हम निभाएंगे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!