रायपुर

हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया स्वागत, हॉकी खिलाड़ियों से बोले फुगड़ी खेला करें पूरे शरीर का व्यायाम होता है

रायपुर डेस्क :

शनिवार को हॉकी वर्ल्ड ट्रॉफी रायपुर पहुंची। सिविल लाइंस स्थित CM आवास में इसका स्वागत खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया। हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को हॉकी इंडिया नई दिल्ली द्वारा देश के विभिन्न 16 राज्यों में ले जाया गया। अंतिम पड़ाव में यह ट्रॉफी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंची। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर हॉकी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा- हॉकी के खिलाड़ियों को अन्य खेलों पर भी ध्यान देना चाहिए। जैसे की फुगड़ी। ये पूरे देश में कहीं नहीं खेला जाता, सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही फुगड़ी खेला जाता है। हॉकी के खिलाड़ियों को फुगड़ी खेलना चाहिए, इसके लिए मैदान जाने की जरुरत नहीं घर पर भी प्रैक्टिस कर सकते हैं। फुगड़ी खेलने से पूरे शरीर का व्यायाम होता है, नए बच्चे नहीं खेले हैं मगर पुराने लोग इसे खेलते रहे हैं। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक्स में 60 – 65 साल की महिलाओं ने फुगड़ी खेलकर रिकॉर्ड बनाए हैं। दूसरे खेल खेलते रहने से मुख्य खेल में लाभ मिलता है, जैसे कंचे खेलने से आपकी एकाग्रता और निशाने लगाने की क्षमता बेहतर होगी।

जशपुर और राजनांदगांव हॉकी के नर्सरी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा – पड़ोसी राज्य ओडिशा में 13 जनवरी से शुरु हो रहे वर्ल्डकप की ट्रॉफी अंतिम पड़ाव में छत्तीसगढ़ आई है, मैं यहां की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से स्वागत करता हूं। ओडिशा और छत्तीसगढ़ भौगोलिक और सांस्कृतिक रूप से जुड़ा हुआ है। हॉकी के मामले में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और जशपुर इन दो शहरों का विशेष योगदान रहा है। इन दो शहरों ने प्रदेश का गौरव बढ़ाने का काम किया है ये हॉकी की नर्सरी हैं। हॉकी में छत्तीसगढ़् ने राष्ट्रीय प्रतिभाएं जैसे सबा अंजुम, रेणुका, बलविंदर, विसेंट लकड़ा, जैसे खिलाड़ियों ने हमें गर्व का अवसर दिया है।

प्रदेश में नहीं थी एक भी एकेडमी… अब 21
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश के खेल मंत्री उमेश पटेल ने बताया कि इस वक्त प्रदेश के 4 खिलाड़ी हॉकी इंडिया कैम्प जूनियर लेवल में शामिल हैं। इनमें भूमिक्षा साहू, अनिशा, आंचल, आदित्य नेताम जैसे खिलाड़ी हैं। उमेश पटेल ने बताया कि जब मुख्यमंत्री ने मुझे खेल विभाग सौंपा था तो निर्देश दिया था कि पिछले 15 साल से इंफ्रास्ट्रक्चर में खर्च बहुत हुआ है, मगर हमें खिलाड़ियों और एकेडमी पर काम करना होगा। प्रदेश में इस वक्त 21 एकेडमी चल रहे हैं। इससे पहले 15 सालों तक इनकी संख्या जीरो थी। इस तरह से हम खेल की ओर ध्यान दे रहे हैं।

CM बोले चक दे इंडिया
चक दे इंडिया नारे के साथ मुख्यमंत्री ने हाकी वर्ल्डकप की ट्राफी उठाई। इस मौके पर प्रदेशभर से हॉकी के खिलाड़ी रायपुर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। जीत के लिये खिलाड़ियों समेत हॉकी इंडिया को भी मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं दीं। CM ने शुभकामना बैनर पर अपने हस्ताक्षर किए। ओडिशा में 13 से 29 जनवरी 2023 तक एफआईएच ओडिशा मेन्स वर्ल्ड कप आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता भुवनेश्वर और राउरकेला में संपन्न होगी।

छत्तीसगढ़ हॉकी के महासचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह पहला मौका है, जब हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी रायपुर आई। इसके पूर्व 23 दिसंबर 2022 को फील्ड मार्शल के.एम. करिअप्पा स्टेडियम बेंगलुरू (कर्नाटक) में एक भव्य समारोह में ट्रॉफी को छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी को सौंपा गया। अंसारी बेंगलुरू से यह ट्राफी लेकर सुबह 9 बजे फ्लाइट से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचे। जिसके बाद ये ट्रॉफी मुख्यमंत्री निवास पहुंची।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!