BREAKING NEWS- ग्वालियर में महिला का निर्वस्त्र अधजला शव मिला: दुष्कर्म की आशंका
पहचान छिपाने के लिए हत्या के बाद लाश जलाई; पास में मिला सुसाइड नोट

ग्वालियर डेस्क :
ग्वालियर में एक महिला की निर्वस्त्र अधजली लाश मिली है। उसके कपड़े पास ही पड़े मिले। देशी शराब की तीन बोतलें भी मिली। पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया गया। घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कुछ युवकों के नाम लिखे गए हैं। पुलिस का मानना है कि सुसाइड नोट भ्रमित करने के लिए डाला गया है। इस पर एक महीने पहले की तारीख लिखी है।
घटना शनिवार सुबह सिटी सेंटर के पास रजिस्ट्री कार्यालय के पास की है। डॉयल-100 को खाली प्लॉट में महिला के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। प्लॉट पूर्व निगम कमिश्नर विनोद शर्मा का बताया जा रहा है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस सहित अन्य अधिकारी स्पॉट पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने स्पॉट देखा तो प्रारंभिक दृश्य में ही साफ नजर आ रहा था कि महिला के साथ गलत काम कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस अफसरों ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने बारीकी से घटना स्थल की जांच की है।
हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि महिला की उम्र 35 साल के लगभग है। उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया है, फिर देशी शराब उसके ऊपर डालकर आग लगा दी। जिससे उसकी मौत हो गई। देशी शराब में एल्कोहल कम होता है इसलिए महिला का आधा शरीर ही जला है। महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। जांच में यह भी साफ है कि महिला की हत्या इस स्पॉट पर नहीं हुई है। हत्या कर शव यहां लाया गया है। स्पॉट पर कुछ वाहनों के पहियों के भी निशान मिले हैं।
सुसाइड नोट में खुद का माया बताया
मौके पर मिले सुसाइड नोट में वह खुद को माया बता रही है। इसमें लिखा है कि मुझे उससे बात नहीं करनी चाहिए थी। वह इस तरह का इंसान है। अब मैं फंस गई हूं, इसलिए मैं जीना नहीं चाहती। इस सुसाइड नोट पर 7 नवंबर 2023 तारीख लिखी है। पुलिस यह नहीं समझ पा रही कि पिछले महीने की तारीख कैसे लिखी है। पुलिस को आशंका है कि महिला का यह सुसाइड नोट पुलिस को भ्रमित करने के लिए प्लान किया है।
CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
एएसपी ऋषिकेश मीणा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रास्तों पर लगे CCTV कैमरे खंगालना शुरू कर दिए हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी ने किसी कैमरे में कोई वाहन, लोडिंग या सवारी ऑटो कैद हुआ हो, जिससे शव या महिला को यहां लाया गया है। साथ ही पुलिस गुमशुदा महिलाओं में भी शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। शराब के तीन बोतलों से फिंगर प्रिंट लिए गए हैं।