सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी, 6 साल के बेटे की मौत: अस्पताल से लौटते वक्त कार ने मारी टक्कर
न्यूज़ डेस्क :
बड़वानी में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार पति, पत्नी और उनके बेटे की मौके पर मौत हो गई। उनके अंतिम संस्कार में पूरा गांव उमड़ पड़ा। एक साथ तीन अर्थी निकली।आदिवासी परंपरा के अनुसार, मुखाग्नि से पहले लाइसेंसी बंदूक से फायर किए गए। साथ ही कमान से तीर भी छोड़े। इसके बाद मुखाग्नि दी गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे हुआ। कन्नड़गांव निवासी सुदाम (28) पिता तेजासिंह पत्नी मनीषा (23) और बेटे भरत (6) के साथ बाइक से निवाली से घर लौट रहा था। इसी दौरान सेंधवा-खेतिया स्टेट हाईवे पर मोगरी खेड़ा के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। तीनों के शव निजी वाहन और एंबुलेंस की मदद से सेंधवा सिविल अस्पताल पहुंचाए गए। ग्रामीण थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पूर्व सरपंच के बेटे, बहू और नाती हैं मृतक
मृतकों के परिजन ने बताया कि सुदाम अपनी पत्नी मनीषा और बेटे भरत के साथ शुक्रवार शाम करीब 5 बजे निवाली अस्पताल गया था। निवाली से करीब 8 बजे घर के लिए निकला था। इसी दौरान सेंधवा से निवाली की ओर जा रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सुदाम खेती करता था। उसके पिता कन्नड़गांव के पूर्व सरपंच रह चुके हैं, उनकी कोरोना काल में मौत हो गई थी।