विदिशामध्यप्रदेश

108 स्थानों पर एक साथ भूमिपूजन-लोकार्पण: सिरोंज-लटेरी में ‘बचत के नवाचार’ से रचा विकास का इतिहास

प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर डिजिटल माध्यम से हुआ 2 अरब 59 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शुभारंभ, विधायक उमाकांत शर्मा बोले- “डीजल-पेट्रोल की बचत के साथ विकास को दी नई गति”

आनंदपुर डेस्क :
मध्यप्रदेश के सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को विकास और तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सार्वजनिक आयोजनों में फिजूलखर्ची रोकने और बचत को बढ़ावा देने की अपील पर, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मार्गदर्शन में “बचत का नवाचार” करते हुए सिरोंज-लटेरी विकासखंड के 108 स्थानों पर एक साथ ऑनलाइन भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
करीब 2 अरब 59 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से सड़क, पुल, डामरीकरण, सीसी रोड और मरम्मत कार्यों का शुभारंभ क्षेत्र के जननायक स्वर्गीय लक्ष्मीकांत शर्मा की पांचवीं पुण्यतिथि पर “सड़क विकास महोत्सव” के रूप में किया गया।
विधायक उमाकांत शर्मा ने एक ही स्थान से वर्चुअल माध्यम द्वारा सभी 108 कार्यक्रम स्थलों पर मौजूद जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर डीजल-पेट्रोल और अनावश्यक खर्च की बचत करते हुए डिजिटल माध्यम से यह आयोजन किया गया है। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ विकास कार्यों को गति मिली है।
14 करोड़ 37 लाख की 21 सड़कें और पुल स्वीकृत
जारी सूची के अनुसार आनंदपुर-लटेरी क्षेत्र में 21 सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली, जिनकी कुल लागत 14 करोड़ 37 लाख 29 हजार रुपए है।
इनमें ग्राम महादेव से नारायणपुरा स्कूल मार्ग, काछीखेड़ा से लोधाखेड़ी आश्रम मार्ग, कालादेव-दोरला माता-मूडरा मार्ग, जावती-सडावता मार्ग मरम्मत, आनंदपुर-मढ़ीपुर रोड से सगवाड़ा-खेजड़ा हरिजन मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़कें शामिल हैं।
साथ ही आनंदपुर-कालादेव-उनारसीकला मार्ग पर आनंदपुर से लगभग 2 किलोमीटर दूरी पर 4 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का लोकार्पण भी हुआ। ग्रामीणों ने इसे बरसात में आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान बताया।
65 करोड़ की लटेरी-शमशाबाद सड़क बनी विकास की रीढ़
लटेरी से शमशाबाद को जोड़ने वाली 35 किलोमीटर लंबी सड़क का लोकार्पण भी इस महाअभियान का प्रमुख आकर्षण रहा। लगभग 65 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह सड़क क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं लोकतंत्र सेनानी रणधीर सिंह बघेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामगुलाम राजोरिया, आईटी प्रभारी सत्यनारायण चौकसे, बूथ अध्यक्ष विनोद पंथी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
बीजूखेड़ी में 8 करोड़ के पुल से खुले विकास के नए रास्ते
ग्राम बीजूखेड़ी में लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से बने उच्च स्तरीय पुल एवं सड़क का वर्चुअल लोकार्पण कन्या पूजन के साथ संपन्न हुआ। इससे बरसात में कटने वाले गांवों को राहत मिलेगी। किसानों को मंडी तक बेहतर पहुंच, विद्यार्थियों को सुरक्षित आवागमन और मरीजों को समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर स्वर्गीय लक्ष्मीकांत शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जिन गांवों तक कभी पहुंचना कठिन था, वहां आज सड़क और विकास की नई रोशनी पहुंच रही है।
गांव-गांव में उत्सव जैसा माहौल
ओखलीखेड़ा, पैकोली, अमीरगढ़, सरेखो, समदपुर, पामाखेड़ी, जावती-सडावता सहित अनेक गांवों में एक साथ ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित हुए। जगह-जगह कन्या पूजन, वरिष्ठजनों का सम्मान एवं जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया।
ग्रामीणों ने इसे सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र के इतिहास का प्रेरणादायी क्षण बताते हुए कहा कि “सड़क विकास महोत्सव” ने गांव-गांव में विकास की नई उम्मीद जगाई है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!