वन माफियाओं पर चला बुलडोजर: 5 हेक्टेयर वन भूमि से हटाया वर्षों पुराना कब्जा
लटेरी वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी-पोकलेन से अतिक्रमण ध्वस्त; पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान

लटेरी डेस्क:
विदिशा जिले के लटेरी वन क्षेत्र में वन विभाग ने भूमाफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। दक्षिण लटेरी रेंज के बीट मुस्करा अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी-300 में बुधवार को वन विभाग ने पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से वर्षों पुराने अवैध कब्जे को हटाया। कार्रवाई वन मंडल अधिकारी श्री हेमंत यादव के निर्देशन में की गई।

वन विभाग के अनुसार उक्त भूमि पर हिम्मत सिंह यादव एवं पहलवान सिंह यादव सहित अन्य लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा कर खेती एवं अतिक्रमण का दायरा बढ़ाया जा रहा था। मामले में वन अपराध भी पंजीबद्ध किया गया था। बुधवार को भारी पुलिस बल और वन अमले की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया। विरोध की आशंका को देखते हुए थाना शमशाबाद एवं लटेरी पुलिस की विशेष तैनाती की गई थी।
कार्रवाई के दौरान वन भूमि को पुनः सुरक्षित करने के उद्देश्य से गड्ढे कराए गए तथा दोबारा कब्जा रोकने के लिए कंटीली प्रजातियों के बीज भी डाले गए। यह अभियान परिक्षेत्र अधिकारी विवेक चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें लटेरी उत्तर एवं दक्षिण रेंज का पूरा वन अमला मौजूद रहा।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्रों में अवैध कटाई और अतिक्रमण के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।



