लटेरी के ग्रामीण क्षेत्र में 2.13 करोड़ से बनेंगे 19 आंगनवाड़ी भवन: बच्चों को मिलेगा बेहतर माहौल

लटेरी डेस्क :
सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र में बच्चों की शिक्षा और पोषण सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा के प्रयासों से लटेरी तहसील के 19 आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण की स्वीकृति मिली है। करीब 2 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इन भवनों से अब ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आंगनवाड़ियों को स्थायी और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
अब तक कई आंगनवाड़ी केंद्र गांवों के दालानों अथवा निजी भवनों में संचालित हो रहे थे, जिससे बच्चों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से भवन निर्माण की मांग की जा रही थी। विधायक उमाकांत शर्मा ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके बाद भवनों की स्वीकृति जारी हुई।
विधायक शर्मा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया का आभार व्यक्त किया। वहीं स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय रहवासियों और जनप्रतिनिधियों ने भी विधायक का अभिनंदन किया।
प्रत्येक भवन पर 11.22 लाख होंगे खर्च
जानकारी के अनुसार प्रत्येक आंगनवाड़ी भवन का निर्माण लगभग 11 लाख 22 हजार रुपये की लागत से ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाएगा। जिन ग्रामों में भवन निर्माण स्वीकृत हुआ है उनमें उनारसी कला-3, गौरियापुरा, टांडा चक्क, आड़ापानी, नादियापुरा, धीरगढ़, अमराई, दपकन, तिन्सिंया, चंदरपुर, भीलाबावड़ी, पोरिया, थानावीरन, सईद नगर, बड़ाघाट, खेरखेड़ी, चंपतपुर, फीरोजगंज एवं टांडा चक्क शामिल हैं।



