राजधानी भोपाल में तेज धूप के बाद बर्षा पानी, ओले गिरे: इंदौर-उज्जैन में तेज गर्मी
भोपाल डेस्क :
रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बीच मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला। भोपाल में दोपहर 3 बजे बादल छा गए। इसके 15 मिनट बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। एमपी नगर समेत कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। सागर, रायसेन, नर्मदापुरम और दतिया में भी दोपहर बाद बारिश हुई। शाम करीब 6 बजे भोपाल के एमपी नगर और आईएसबीटी इलाके में एक बार फिर ओले गिरे।
मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, अनूपपुर, सिवनी, मंडला और छिंदवाड़ा में भी बूंदाबांदी होने के आसार हैं। वहीं, इंदौर-उज्जैन समेत अन्य शहरों में तेज गर्मी है।
प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि आज से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो गया है। इस कारण ग्वालियर, चंबल, सागर समेत अन्य संभागों में 20 मई तक हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पारे में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट
बारिश और बादल छाने से प्रदेश के शहरों में दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आई है। शाम तक ग्वालियर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, मुरैना, भिंड, श्योपुरकलां, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना और टीकमगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबलपुर, अनूपपुर, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा में भी बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
खंडवा के ओंकारेश्वर में तेज बारिश; टीकमगढ़ में पहली बार पारा 44 डिग्री के पार
इससे पहले सोमवार दोपहर में खंडवा के ओंकारेश्वर में तेज बारिश हुई। तेज आंधी की वजह से नर्मदा नदी में नाव पलट गई। इससे एक ही परिवार के छह लोग पानी में गिर गए। इनमें से चार को बचा लिया गया, जबकि दो साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। एक सदस्य लापता है। दोपहर तक श्योपुरकलां, मंदसौर और छतरपुर में भी हल्की बारिश हुई।
सोमवार को सबसे ज्यादा गर्मी टीकमगढ़ में रही। यहां पहली बार पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दो दिन से प्रदेश में सबसे गर्म खरगोन में पारा लुढ़ककर 42 डिग्री पर आ गया। रतलाम में भी पारे में गिरावट हुई है। यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 41 डिग्री के पार रहा, जबकि इंदौर में पारा 39.4 डिग्री पर आ गया। खजुराहो और दमोह में पारा 43 डिग्री से ज्यादा रहा। गुना, उमरिया, नौगांव, मलांजखंड, सागर, मंडला, सीधी, रीवा, सतना, खंडवा और सिवनी में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा ही रहा। बाकी शहरों में इससे कम तापमान रहा।



