अंबेडकर महाकुंभ आज: CM शिवराज सिंह चौहान देंगे करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात, संतों और समाजसेवियों का होगा सम्मान
ग्वालियर डेस्क :
ग्वालियर में 16 अप्रैल यानी आज संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में राज्य स्तरीय ‘अंबेडकर महाकुंभ’ का आयोजन होने जा रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत प्रदेश सरकार के एक दर्जन से ज्यादा मंत्री शामिल होंगे। सीएम शिवराज सिंह इस दौरान 61.33 करोड़ रुपए की लागत से बने छात्रावास भवनों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। साथ ही अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए चलाईं जा रही योजनाओं का लाभ भी हितग्राहियों को देंगे। महाकुंभ में बाबा साहब अंबेडकर के आदर्शों को आगे बढ़ाने वाले संतों और समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा।
अंबेडकर महाकुंभ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मेला ग्राउंड पर लगाई गई बाबा साहब के जीवन पर केंद्रित चित्र गैलरी एवं प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के जरिए ग्वालियर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 61 करोड़ 43 लाख रुपए लागत के बालक एवं बालिका छात्रावास भवनों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति विशेष परियोजना के तहत प्रतीक स्वरूप कुल 10 हितग्राहियों को हित लाभ वितरित करेंगे।
इन छात्रावास भवनों का करेंगे लोकार्पण
CM शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य अतिथिगण अंबेडकर महाकुंभ में 28 करोड़ 72 लाख रुपए लागत के 6 छात्रावास भवनों का लोकार्पण करेंगे। जिनमें बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत ग्वालियर में 8 करोड़ 72 लाख रुपए की लागत से निर्मित 250 सीटर कन्या छात्रावास भवन शामिल है। इसके अलावा जबलपुर में ढाई-ढाई करोड़ रूपए की लागत से बनाए गए 50-50 सीटर चार बालक छात्रावास भवन और भोपाल में 9 करोड़ 9 लाख रुपए की लागत से कटारा हिल्स पर बनाया गया 250 सीटर छात्रावास का लोकार्पण शामिल है।
इन छात्रावासों का करेंगे भूमिपूजन
कार्यक्रम में 32 करोड़ 60 लाख रुपए लागत के पांच छात्रावास भवनों की वर्चुअल आधारशिला रखी जाएगी। इनमें छतरपुर के 11 करोड़ 71 लाख रुपए लागत का 250 सीटर कन्या छात्रावास भवन, 6 करोड़ 52 लाख रुपए लागत का 100 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास भवन, सिंगरौली में 6 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से बनने जा रहा 100 सीटर अनुसूचित जाति जूनियर बालक छात्रावास भवन, टीकमगढ़ में 3 करोड़ 93 लाख रुपए की लागत का 50 सीटर अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास भवन और निवाड़ी में 3 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से बनने जा रहा 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास शामिल हैं।
अंबेडकर महाकुंभ में आने वालों की पार्किंग तय, रूट भी बदला
ग्वालियर व्यापार मेला परिसर स्थित मैदान में आयोजित होने जा रहे अंबेडकर महाकुंभ में शहर के चारों ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों से आने वाले वाहनों के लिए रूट तय करने के साथ-साथ हर जिले के वाहनों पर अलग-अलग रंग के बैनर पोस्टर लगे रहेंगे, जिससे वाहन सुगमता के साथ अपने पार्किंग स्थल पर पहुंच सकें। मुरैना जिले के लिए पीला, भिण्ड के लिए हरा, शिवपुरी के लिए सफेद, दतिया के लिए भगवा, अशोकनगर के लिए लाल, गुना के लिए गुलाबी, श्योपुर जिले के लिए नीला और ग्वालियर जिले के वाहनों के लिए आसमानी रंग निर्धारित किया गया है।
इस प्रकार रहेगी पार्किंग व्यवस्था
शिवपुरी, गुना, श्योपुर व अशोकनगर जिले से आने वाले वाहनों के लिए भाऊ साहब पोतनीस मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भिण्ड व दतिया जिले और मुरार क्षेत्र से आने वाले वाहन सूर्य मंदिर के समीप स्थित मैदान पर पार्क किए जा सकेंगे। इसी तरह मुरैना जिले और ग्वालियर जिले के घाटीगाव, डबरा व भितरवार विकासखंड एवं ग्वालियर नगर निगम क्षेत्र से आने वाले वाहन मेला मैदान की पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
- अशोकनगर, गुना व श्योपुर जिले एवं घाटीगांव क्षेत्र के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल
- अशोकनगर, गुना, श्योपुर जिले एवं ग्वालियर जिले के घाटीगांव क्षेत्र से आने वाले वाहन नयागांव तिराहा, सिकरौदा तिराहा, नैनागिरि चौराहा, अलापुर तिराहा, कलेक्ट्रेट, अलकापुरी तिराहा, गोविन्दपुरी तिराहा, आकाशवाणी तिराहा, सूर्य नमस्कार तिराहा, दुल्लपुर तिराहा, इन्द्रमणि नगर गेट, कंषाना कोठी होते हुए पार्किंग स्थल भाऊ साहब पोतनीस मैदान पहुंचेंगे।
- शिवपुरी जिले से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल
- शिवपुरी जिले से आने वाले वाहन नयागांव तिराहा, सिकरौदा तिराहा, नैनागिरि चौराहा, अलापुर तिराहा, कलेक्ट्रेट, अलकापुरी तिराहा, राजमाता तिराहा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, तानसेन तिराहा, आकाशवाणी तिराहा, सूर्य नमस्कार तिराहा, दुल्लपुर तिराहा, इन्द्रमणि नगर गेट, कंषाना कोठी होते हुए पार्किंग स्थल भाऊ साहब पोतनीस मैदान पहुंचेंगे।
- दतिया जिले से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल
- जौरासी घाटी, सिकरौदा तिराहा, नैनागिरि तिराहा, मोहनपुर टोल, बड़ागांव पुल, मोहनपुर गांव तिराहा होते हुए सूर्य मंदिर मैदान पार्किंग स्थल।
- मुरैना जिले से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल
- निरावली, अटल द्वार, जलालपुर चौराहा, मल्लगढ़ा, यादव धर्मकाटा, सिमको तिराहा, गोला का मंदिर चौराहा, सनसिटी कट, पशु मेला गेट होते हुए मेला मैदान की पार्किंग स्थल।
- भिण्ड जिले से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल बरेठा पुल, बेहटा चौकी, बड़ागांव पुल, मोहनपुर गांव तिराहा, आर्मी एरिया, 6 नं. चौराहा, ब्रिगेडियर तिराहा, होते हुए सूर्य मंदिर पार्किंग स्थल।
- डबरा व भितरवार क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल जौरासी घाटी, सिकरौदा तिराहा, नैनागिरि तिराहा, अलापुर तिराहा, कलेक्ट्रेट, अलकापुरी तिराहा, गोविन्दपुरी तिराहा, आकाशवाणी तिराहा, सूर्य नमस्कार तिराहा, दुल्लपुर तिराहा, इन्द्रमणि नगर गेट, कंषाना कोठी होते हुए पार्किंग स्थल भाऊ साहब पोतनीस मैदान पहुंचेंगे।
- मुरार क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए रूट एवं पार्किंग स्थल सात नं. चौराहा, काल्पी ब्रिज, ब्रिगेडियर तिराहा, बिरला हॉस्पिटल तिराहा से होते हुए सूर्य मंदिर मैदान पार्किंग स्थल ।
- इन स्थानों पर बनाईं रिजर्व पार्किंग – कृषि महाविद्यालय परिसर, एलएनआईपीई, एमआईटीएस व मंगाराम फैक्ट्री के सामने वाला मैदान ।



