विदिशा में 68वीं राष्ट्रीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ:28 राज्यों के 1473 खिलाडी हुए शामिल, छात्र-छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

विदिशा डेस्क :
68वीं राष्ट्रीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुक्रवार को विदिशा में आगाज हो गया है। विदिशा के खेल स्टेडियम में अतिथियों ने खेल परंपरा का निर्वाहन करते हुए फ्लैग होस्ट का ध्वजारोहण किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ की विधिवत उद्घोषणा मनोज कटारे ने मंच से की। इस मौके पर विदिशा के साकेत एमजीएम और वात्सल्य स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य और लोक गीत की प्रस्तुतियां दीं।

जिला शिक्षा अधिकारी राम कुमार ठाकुर ने बताया कि 68वीं राष्ट्रीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आज शुभारंभ हो गया है यह प्रतियोगिता 12 नवंबर तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में 14, 17 साल के बालक-बालिका खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। देश के 28 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के 1473 खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

खेल हमें अनुशासन सिखाते हैं- जिला पंचायत अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी ने देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन सिखाता है, इसलिए यहां आए सभी खिलाड़ी खेल को खेल भावना से खेलें, हार-जीत खेल का हिस्सा होता है। एक खिलाड़ी हारता है तो दूसरा खिलाड़ी जीतता है यदि कोई खिलाड़ी हार जाए तो वह निराश ना हो आगे और मेहनत करें, क्योंकि हार जाने के बाद भी यह अनुभव आपके जीवन में आगे काम आते हैं।
खिलाड़ी हमारे देश का भविष्य- नपा अध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा ने कहा कि खिलाड़ी हमारे देश का भविष्य हैं। उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री खेलों को विशेष महत्व दे रहे हैं, ताकि बच्चे खेल के क्षेत्र में अपना बेहतरीन प्रदर्शन दे सकें। हमारा देश खेल के क्षेत्र में पीछे ना रहे और खिलाड़ी अपना और अपने देश का नाम विदेश में भी रोशन करें।



