शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों ने भोपाल में भाजपा कार्यालय के बाहर थाली-कटाेरे बजाकर प्रदर्शन किया: महिलाएं बोलीं- 100 में से 90 नंबर लाने पर भी हम बेरोजगार, 20 हजार पद बढ़ाए जाएं

भोपाल डेस्क :
शिक्षक भर्ती (2023) वर्ग-1 में पद बढ़ाने की मांग को लेकर आज शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों ने भोपाल में भाजपा कार्यालय के बाहर थाली-कटाेरे बजाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक रैली निकाली। पुलिस ने बीजेपी ऑफिस की तरफ जाने से रोका, तो महिलाओं ने रोड पर ही थाली-कटाेरे बजाकर प्रदर्शन किया।

100 में से 90 लाने के बाद भी हम बेरोजगार
प्रदर्शन में शामिल मुरैना से आई अनुपमा शर्मा ने कहा
हमारी मांग है कि वर्ग-1 2023 की परीक्षा में 20 हजार पदों की वृद्धि की जाए, क्योंकि उस परीक्षा में कई विषयों में शून्य पद दिए गए थे। जिसके कारण अपने विषय में टॉप-10 में आने वाला अभ्यर्थी भी आज वेटिंग में है। वहीं, उन्हीं विषयों में आप अतिथि शिक्षकों को रख रहे हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति न देकर अतिथि रख रहे
अनुपमा ने आगे कहा कि “जब आपके पास चयनित अभ्यर्थी हैं, जो टॉप-10 में आए हैं, तो उन्हें नियुक्ति न देकर आप अतिथि शिक्षकों को उन विषयों में जगह दे रहे हैं जबकि हमारे चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 15,000 है, जिन्होंने 80 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।”
अकेले ट्राइबल डिपार्टमेंट में ही 12,000 से 18,000 अतिथि शिक्षक रखे गए हैं, और 25,000 से अधिक अतिथि शिक्षक तो डीपीआई ने रखे हैं, जबकि 12,000 से 15,000 वेटिंग अभ्यर्थी हैं। इसके बावजूद, आप 30,000 से 35,000 अतिथि शिक्षकों की भर्ती कर रहे हैं। इसका मतलब है कि पद खाली हैं, लेकिन आप योग्य लोगों को नियुक्ति नहीं देना चाहते।

आंदोलन और तेज करेंगे
चयनित शिक्षक सुषमा यादव ने कहा, “मोहन सरकार हम लोगों को दोनों तरह से छल रही है। अतिथि शिक्षकों से कहा जाता है कि उन्होंने चयन परीक्षा नहीं दी है। हम लोगों में कई ऐसे अभ्यर्थी हैं जो अतिथि शिक्षक हैं और पात्रता परीक्षा पास करके भी बैठे हैं। उन्हें दोनों तरह से छला जा रहा है। उनसे पूरा काम लिया जा रहा है, लेकिन हमें मान-सम्मान तक नहीं दिया जा रहा। हम अपने आंदोलन को और तेजी से बढ़ाएंगे, चाहे इसके लिए हमें कोई भी कीमत चुकानी पड़े।”
डेढ़ साल की बेटी को लेकर किया प्रदर्शन
डेढ़ साल की बेटी को गोद में लेकर प्रदर्शन कर रहीं रायसेन की आरती शर्मा ने कहा, “सरकार का यह हम लोगों के साथ अन्याय और तानाशाही है। हम लोग छोटे-छोटे बच्चों को लेकर परेशान हो रहे हैं। सरकार द्वारा पद वृद्धि न किए जाने से हम दिन-रात परेशान हो रहे हैं। हम 20,000 पद बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। हमारा यह निवेदन है कि हमारे पद बढ़ाए जाएं।”



