मिट्टी धंसने से एक नाबालिग सहित 2 की मौत: चार महिलाओं को बचाया, घर पोतने के लिए पीली मिट्टी खोदने के दौरान हादसा

भोपाल डेस्क :
भोपाल में शनिवार सुबह मिट्टी धंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, चार महिलाओं को बचा लिया गया। ये सभी महिलाएं घर पोतने के लिए तालाब किनारे खुदाई कर रही थीं, तभी पीली मिट्टी का ढेर उनके ऊपर आ गिरा। घटना सूखी सेवनियां इलाके के बालमपुर गांव की है।
SP देहात किरण केरकता के मुताबिक, सूचना मिलने के दो घंटे के अंदर पुलिस और SDERF की टीम ने चार महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया। एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक महिलाओं के नाम फिरोजा बी (35) पत्नी अफजल और पिंकी आदिवासी (16) पुत्री गुड्डू आदिवासी बताए गए हैं। दोनों ही बालमपुर की रहने वाली हैं।
मृतकों के परिजनों को दी जाएगी आथिक सहायता
भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि भोपाल-रायसेन के बॉर्डर से लगे गांव बालमपुर में 4 महिलाएं तालाब से मिट्टी खोद रही थी। अचानक मिट्टी धंसने से मलबे में दब गई। इसमें दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो को सुरक्षित निकाला गया। मृतकों के परिवार को 4 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीईआरएफ की टीम जुटी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी वहां तैनात की गई है।
गड्ढे में उतरकर गीली मिट्टी निकाल रही थीं महिलाएं
बताया जा रहा है कि महिलाएं 7 से 8 फीट तक गहरा गड्ढा खोद चुकी थीं। इसके बाद दो महिलाएं गड्ढे में उतरकर गीली मिट्टी खोदने लगीं। वे गीली मिट्टी खोद-खोदकर ऊपर खड़ी महिलाओं को देती जा रही थीं। गड्ढा खोखला हो चुका था और भरभराकर इसकी मिट्टी ढह गई। ऊपर खड़ी महिलाएं भी नीचे आ गिरीं और ऊपर से मिट्टी का मलबा।