भोपाल में 6 जुलाई को रोपे जाएंगे 12 लाख पौधे: CM ने देखा भोपाल का हरियाली महोत्सव का प्लान, मंत्री-विधायक ने भी दिए सुझाव

भोपाल डेस्क :
भोपाल में हरियाली महोत्सव पर 12 लाख पौधे रोपे जाएंगे। 6 जुलाई को यह मेगा इवेंट होगा। इसे लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री, विधायक और अफसरों के साथ मीटिंग की और प्लान देखा।कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने प्लान के बारे में बताया।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में 6 जुलाई को व्यापक पौधारोपण होगा। एक दिन में 12 लाख पौधे लगेंगे। यह दिन डॉ. श्यामाप्रसाद जी मुखर्जी की जयंती का है। जन-जन को पौधा रोपण से जोड़ा जाएगा। पूरे भोपाल में पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का पूरे प्रदेश में क्रियान्वयन हो रहा है। सीएम डॉ. यादव ने एक स्थान पर विशाल जन भागीदारी वाला कार्यक्रम भी रखने के निर्देश दिए हैं।
पौधारोपण की बारीकीं से तैयारियां की जाए
सीएम डॉ. यादव ने कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों से कहा कि पौधारोपण की बारीकीं से तैयारियां की जाए। बैठक में मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, बीजेपी जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, महापौर मालती राय, कलेक्टर सिंह समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।
सभी विभागों को प्लान तैयार करने को कहा
कलेक्टर सिंह ने बताया, हरियाली महोत्सव पर भोपाल में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। जिसमें 12 लाख पौधों का रोपण होगा। सभी विभागों को पौधारोपण को लेकर प्लान तैयार करने को कहा है। पीडब्ल्यूडी अलग से ‘स्मॉल फारेस्ट’ डेवलप करेगा। वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग, कांट्रेक्टर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य विभागों के साथ मिलकर नीम, आम, बरगद, करंज आदि पौधों का रोपण करेंगे।
मंत्रालय में हुई मीटिंग
भोपाल में प्रस्तावित हरियाली महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक मंत्रालय में हुई थी।
इन जगहों पर रोपे जाएंगे पौधे
एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर समेत उन जगहों पर पौधे रोपे जाने का प्लान है, जहां हरियाली कम है। कॉलोनियों में भी पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए एसडीएम और तहसीलदारों को भी जवाबदारी दी गई है। इस कार्यक्रम से आमजनों को भी जोड़ा जाएगा।



