मध्यप्रदेश

आज बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड- डमरू से गूंजेगी महाकाल की नगरी: सावन के तीसरे सोमवार पर शिवमय हुआ उज्जैन, शाम को सवारी

उज्जैन डेस्क :

आज सावन का तीसरा सोमवार है। उज्जैन शिवमय है। महाकाल मंदिर में भक्तों की कतारें लगी हुई हैं। शाम 4 बजे राजाधिराज महाकाल प्रजा का हाल जानने निकलेंगे। सवारी में महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर, तो हाथी पर मनमहेश के स्वरूप में विराजित होंगे।

खंडवा के ओंकारेश्वर में भी रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। छिंदवाड़ा के पातालेश्वर मंदिर में तड़के 3 बजे भगवान शिव का तीर्थ जल से अभिषेक हुआ। भोपाल के भोजपुर, बड़ वाले महादेव और गुफा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की जा रही है।

उज्जैन में सवारी से पहले दोपहर 12 बजे शक्ति पथ पर 1500 डमरू वादक एक साथ 10 मिनट तक डमरू बजाकर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। इसके लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम को बुलाया गया है। समारोह में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी शामिल होंगे। इसके बाद सवारी में महाकाल मंदिर से शिप्रा तक चलेंगे। पालकी पूजन भी करेंगे।

महाकाल की भस्म आरती के लिए रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खोले गए। भस्म आरती के दौरान भांग, चंदन, सूखे मेवों और आभूषणों से बाबा महाकाल का राजा स्वरूप दिव्य श्रृंगार किया गया। भस्म आरती के 15 हजार से अधिक श्रद्धालु ने दर्शन किए। मंदिर में बाबा के दर्शन का सिलसिला रात 10.30 बजे तक चलेगा।

मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि 3 लाख से ज्यादा भक्त आज महाकाल के दर्शन करने आ सकते हैं।

5 एलईडी पर होगा डमरू वादन का लाइव टेलिकास्ट

महाकाल लोक के पास शक्ति पथ पर जहां डमरू वादन होगा, वहां 5 एलईडी लाइव टेलिकास्ट के लिए लगाई गई हैं। वहीं, तीसरी सवारी में ट्रक पर 4 एलईडी लगाई गई हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!