मध्यप्रदेश में क्या गुल खिलाएंगे, भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के जुड़ा अंदाज

न्यूज़ डेस्क :
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में 12 दिन का पड़ाव पूरा कर राजस्थान पहुंच चुकी है। मध्यप्रदेश से यात्रा गुजरने के दौरान राहुल गांधी के यहां अलग-अलग रंग और मिजाज देखने को मिले। कभी वे बच्चों को दुलार करते दिखे तो कभी बड़ों को गले लगाते हुए नजर आए। फिटनेस फ्रीक राहुल ने कभी पुश-अप्स भी लगाए। यहां उन्होंने बुलेट भी दौड़ाई तो साइकिल भी चलाई, इस दौरान उनके पीछे पूरे कांग्रेसजन दौड़ पड़े।
मध्यप्रदेश में ही इस यात्रा में पहली बार राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी जुड़ीं। उनके साथ उनके बेटे रेहान और पति रॉबर्ट वाड्रा भी आए और भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बने। साथ पैदल चलने के दौरान बहन, भांजे और जीजा के साथ राहुल की गजब की बॉन्डिंग भी दिखी। वे कभी बहन प्रियंका का हाथ पकड़कर चले तो भांजे के कंधे पर हाथ रखकर हौंसला बढ़ाते भी नजर आए।
राहुल ने ओंकारेश्वर में नर्मदा आरती की, उज्जैन में महाकाल को साष्टांग प्रणाम किया। RSS-BJP पर हमलावर रहे। राहुल के ये अनोखे रंग उनकी सियासत की बुनियाद कितनी मजबूत करेंगे ये तो वक्त ही बताएगा, लेकिन उनके व्यक्तित्व का एक अलग पहलू भारत जोड़ो यात्रा में दुनिया के सामने जरूर आया है।