
भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में 3 दिन तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन, ट्रफ और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से मौसम बदला रहा। इसके बाद गर्मी का असर फिर से बढ़ गया है। रविवार को शिवपुरी में दिन का टेम्प्रेचर 41 डिग्री पहुंच गया। वहीं, रतलाम, खंडवा और नर्मदापुरम भी गर्म रहे। अप्रैल के पहले सप्ताह में मौसम के 2 वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहे हैं। हालांकि, प्रदेश में इनका असर कम रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार- 2 अप्रैल की रात और 5 अप्रैल को उत्तर भारत में दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे। इसके दो से 3 दिन बाद मध्यप्रदेश में इनका मामूली असर हो सकता है। कुछ जिलों में बादल छा सकते हैं। इसके बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। दिन के साथ रातें भी गर्म रहेंगी।

हीट वेव का असर भी रहेगा
IMD भोपाल के वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि अब प्रदेश के कई जिलों में हीट वेव का असर भी रहेगा। वहीं, गुना, शिवपुरी, छतरपुर, टीकमगढ़, अशोकनगर, जबलपुर, मंडला और बालाघाट में अगले 1-2 तक हीट वेव, यानी गर्म हवाएं भी चलेंगी। रविवार को भी कई जिलों में हीट वेव का असर रहा।
यहां रातें गर्म रहेंगी
मौसम विभाग के अनुसार, जबलपुर, नर्मदापुरम, उमरिया, बालाघाट में रातें भी ज्यादा गर्म रहेगी। यहां रात का टेम्प्रेचर 23 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद गर्मी का असर बढ़ जाएगा।

शिवपुरी में पहली बार टेम्प्रेचर 41 डिग्री पहुंचा
- बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.7 डिग्री, इंदौर में 36.6 डिग्री, ग्वालियर में 37.5 डिग्री, जबलपुर में 37.9 डिग्री और उज्जैन में तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया।
- शिवपुरी में रविवार को पहली बार दिन का टेम्प्रेचर 41 डिग्री तक पहुंच गया। यहां दिन में गर्म हवाएं भी चली।
- खरगोन, मंडला, रतलाम, खंडवा और नर्मदापुरम में पारा 39 डिग्री से 39.7 डिग्री तक दर्ज किया गया।
- नरसिंहपुर, सतना, गुना, दमोह, खजुराहो और टीकमगढ़ में 38 डिग्री से ज्यादा तापमान रहा।



