दीवार गिरी, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत: बारिश से 17 जानें गईं
219 साल पुरानी जर्जर दीवार ढहने से हादसा

न्यूज़ डेस्क :
प्रदेश में बारिश अब कहर बनकर बरस रही है। दतिया में लगातार 36 घंटे की बारिश के बाद राजगढ़ किले से सटकर बनी 219 साल पुरानी दीवार गुरुवार तड़के 3:30 बजे ढह गई। इसकी जद में पास ही बना मकान आ गया और अंदर सो रहे 2 परिवारों के 9 लोग दब गए। इनमें से 7 की मौत हो ई। मरने वालों में पति-पत्नी, दो बेटे, एक बेटी, जीजा व बहन हैं।
दतिया में पुराने फिल्टर के पीछे सनातन खिड़की के पास दीवार से सटकर निरंजन (60), जीजा मुन्ना और किशन वंशकार का मकान है। चार महीने से मुन्ना और निरंजन भी किशन के मकान में परिवार सहित रह रहे थे। गुरुवार तड़के दीवार का 50 फीट हिस्सा ढहकर किशन के मकान पर गिर गया।
इसमें निरंजन, पत्नी ममता (55), बेटी राधा (25), बेटे शिवम (22) और सूरज (18) के अलावा जीजा किशन (60) और बहन प्रभा (56) के अलावा बाहर सो रहे निरंजन के जीजा मुन्ना (59) और मुन्ना का बेटा आकाश (25) दब गए। पड़ोसी जागे और डायल-100 को बुलाया। 10 से 15 मिनट में ही रेस्क्यू टीम पहुंची। मुन्ना और उनके बेटे के हाथ बाहर निकले हुए थे। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने दोनों को निकाल लिया।
मलबे में दबा मकान, नींद में सो रहे 9 लोग दबे… सिर्फ दो को बचा सके
तस्वीर निरंजन की है। मलबे से उनके परिवार को निकालने में साढ़े 9 घंटे लग गए। तब तक सभी की सांसें टूट चुकीं थीं।
हादसों में 3 बच्चों और दो महिलाओं भी जान गई
गुरुवार तड़के से देर रात तक प्रदेशभर में अलग-अलग हादसों में 17 लोगों ने अपनी जान गंवाई। इनमें 3 बच्चे और दो महिलाएं भी शामिल थीं। दतिया में दो परिवारों के 7 लोगों की मौत के अलावा एक अन्य हादसे में एक और जान गई। इसके अलावा शिवपुरी में 2 बच्चों सहित 4, ग्वालियर में 1 बच्चे सहित 4 और मुरैना में भी एक जान गई। अशोकनगर में पुल पार करते समय दो युवक बह गए। हालांकि, उन्हें बचा लिया गया।
मौत को हराकर जिंदा लौटे मुन्ना की जुबानी
दीवार गिरी और ऐसे लगा जैसे बादल फट गया हो
मैं और मेरा लड़का आकाश बाहर वाले कमरे में सोए थे। रात 3:05 बजे मेरी नींद खुली। मैंने मोबाइल फोन चार्ज पर लगाया। इसके 10 मिनट बाद झपकी आ गई। थोड़ी देर बाद ही दीवार गिरी। एेसा लगा कि बादल फट गया। मैं चिल्लाया। करीब 10-15 मिनट बाद मोहल्ले के लोग आए तो मैंने हाथ ऊंचा कर दिया। मैं चिल्लाया, पहले मेरे बच्चे को निकाल दो। उन्होंने हम दोनों को तो निकाल लिया। इसके बाद हमें अस्पताल भेज दिया।’
-दतिया हादसे में घायल मुन्ना ने जैसा भास्कर को बताया
आगे क्या : आज ग्वालियर-चंबल में यलो अलर्ट, भोपाल में राहत
मौसम विभाग ने शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। भोपाल में अभी राहत रहेगी। स्कूल खुलेंगे। मौसम वैज्ञानिक वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि 16 सितंबर से भोपाल सहित प्रदेश के बाकी हिस्से में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
सीएम ने जताया दु:ख, मृतक आश्रितों को 4-4 लाख रुपए...
सीएम डॉ. मोहन यादव ने दतिया हादसे पर दुख जताया। मृतक आश्रितों को 4-4 लाख रु. की आर्थिक सहायता की घोषणा की। निरंजन की एक और बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।



