डैमेज कंट्रोल करने अमित शाह ने ली बैठक: बोले-जो नाराज हैं उन्हें राजी करो, जरूरत पड़ी तो मैं खुद बात करूंगा

भोपाल डेस्क :
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय के सभागार में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भूपेन्द्र यादव, अश्विनी वैष्णव मौजूद थे।
बैठक में अमित शाह ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की सभी 36 विधानसभाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बैठक में भोपाल, नर्मदापुरम संभाग के प्रभारी यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, यूपी के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, नोएडा से विधायक पंकज सिंह भी मौजूद थे।
शाह बोले- रुठों को राजी करना है
बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा वार समीक्षा के दौरान एक-एक कर बिन्दुवार चर्चा की। टिकट वितरण के बाद उपजी नाराजगी को लेकर अमित शाह ने कहा हमें सभी रूठे कार्यकर्ताओं को पार्टी का काम करने के लिए राजी करना है। 20 दिनों के लिए हमें सारे काम छोड़कर चुनाव प्रबंधन पर ध्यान देना होगा।
शाह ने कहा कि जो किसी कारण वश नाखुश हैं उन्हें मनाकर पार्टी के काम में लगाएं। जरूरत पडे़गी तो मैं खुद लोगों से बात करूंगा। और अगली सरकार में लोगों को सम्मान दिया जाएगा। अमित शाह ने कहा अपने इलाके के मतदान केन्द्रों की निरंतर समीक्षा करें। पन्ना और अर्द्धपन्ना प्रमुखों से मतदाताओं के मूड को लेकर भी चर्चा करते रहें। मतदान होने तक निजी कामों के बजाए पार्टी के काम को प्राथमिकता दें।

आज सागर,रीवा, शहडोल और उज्जैन संभाग की लेंगे बैठकें
अमित शाह आज 29 अक्टूबर को भोपाल, खजुराहो, रीवा, उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। इन चारों संभागों की समीक्षा बैठकें लेंगे। अमित शाह सुबह 10 बजे वीआईपी रोड भोपाल स्थित राजाभोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद सुबह 11.30 बजे खजुराहो के होटल रमाडा पहुंचकर सागर संभाग की संभागीय बैठक लेंगे। दोपहर 2.50 बजे रीवा जिले के वृंदावन गार्डन झिरिया में रीवा एवं शहडोल संभाग की संभागीय बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद शाम 6.30 बजे उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर फ्रीगंज स्थित टावर चौक में जनसभा को संबोधित करेंगे। रात 8.30 बजे होटल रूद्राक्ष में उज्जैन संभाग की संभागीय बैठक में भाग लेंगे।
कल इंदौर और ग्वालियर संभाग की बैठकें लेंगे
अमित शाह कल 30 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे इंदौर के होटल ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर हाल विजय नगर में इंदौर संभाग की संभागीय बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.30 बजे ग्वालियर के होटल रेडीसन सिटी सेंटर में ग्वालियर और चंबल संभाग की संभागीय बैठक लेंगे।



