प्रियंका गांधी दमोह में बोलीं- मध्यप्रदेश बड़े बदलाव के लिए तैयार: 225 महीने के शासन में 250 घोटाले करने वाली भ्रष्ट भाजपा सरकार जा रही है, भारी बहुमत से कांग्रेस आ रही है

न्यूज़ डेस्क :
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने दमोह में कहा, ‘मध्यप्रदेश सरकार ने पिछले 3 साल में मात्र 21 रोजगार दिए हैं। पिछले 18 साल से सत्ता में हैं। यहां भर्ती से ज्यादा घोटाले हो रहे हैं। खाली पद भरे नहीं जा रहे। देश की संपत्ति बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों को कौड़ियों के दाम पर सौंप दी। इनसे रोजगार कैसे बनेंगे।’
शनिवार को आमसभा में उन्होंने कहा, ‘सरकार और नेता से आपकी क्या उम्मीद है? इसका जनता की ओर से एक ही जवाब आता है- हमारे जीवन में मुश्किलें बहुत हैं।’ दावा करते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश बड़े बदलाव के लिए तैयार है। 225 महीने के शासन में 250 घोटाले करने वाली भ्रष्ट भाजपा सरकार जा रही है। भारी बहुमत से कांग्रेस आ रही है।’

प्रियंका के भाषण की खास बातें…
नोटबंदी, GST और कोरोना: नोटबंदी और GST लाकर छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी। कोरोना में हमारे देश में किसी को राहत नहीं मिली, जबकि बाकी देशों में दुकानदारों को राहत दी गई। हर चीज पर GST लगा दी गई। बच्चों की किताबें, यूनिफॉर्म, इलाज, सीमेंट हर चीज पर GST लगा दी गई है।
जातिगत जनगणना: हम कह रहे हैं कि जातिगत जनगणना करो। बिहार में जातिगत जनगणना की गई है। वहां 84% जनता SC, ST और OBC है। लेकिन, अगर आप नौकरियों में बड़े-बड़े पदों को देखेंगे तो इन समुदायों का प्रतिनिधित्व क्या है? आप पाएंगे कि उतना प्रतिनिधित्व नहीं है।
PM मोदी और अडाणी: मोदी सरकार कहती है- ओल्ड पेंशन और किसानों के कर्ज माफ करने के लिए पैसे नहीं हैं। अगर पैसे नहीं हैं तो अडानी जैसे उद्योगपतियों के हजारों करोड़ रुपए माफ करने के लिए पैसे कहां से आते हैं? आप खुद 8 हजार करोड़ रुपए के हवाई जहाज में घूम रहे हैं। अच्छे-खासे संसद भवन के सौंदर्यीकरण में 20 हजार करोड़ खर्च करने को तैयार हैं।
बेरोजगारी और महंगाई: एक तरफ बेरोजगारी है तो दूसरी ओर महंगाई है। आप आगे कैसे बढ़ पाएंगे। मनरेगा को कमजोर बना दिया गया है। पेट्रोल, डीजल, खाद महंगा कर किसानों की कमर तोड़ दी। इससे रोजगार के जरिए बंद हो गए। महंगाई बढ़ती चली गई। मध्यप्रदेश में रोजगार के मौके बेहद कम हैं, इसलिए यहां पलायन बहुत हो रहा है।
लाड़ली बहना योजना: चुनाव से पहले लाड़ली स्कीम क्यों? सबसे जागरूक महिला होती है। वो अपने बच्चे के लिए कुछ भी कर सकती है। कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं को आरक्षण दिया, इसलिए आज गांव-गांव में महिलाओं का प्रतिनिधित्व है।
महिला आरक्षण: मोदी सरकार महिला आरक्षण को लेकर सिर्फ इवेंटबाजी कर रही है। वे देश को गुमराह कर रहे हैं कि हमने महिलाओं को आरक्षण दे दिया। लेकिन, सच्चाई यह है कि महिला आरक्षण आने वाले 10 साल में लागू ही नहीं होगा।

कमलनाथ बोले- हमें भाजपा के नेताओं को बेरोजगार बनाना है
कमलनाथ ने कहा, ‘बुंदेलखंड पैकेज का बुंदेलखंड में लाभ नहीं मिला। भाजपा ने प्रदेश को चौपट बना दिया। हमें बेरोजगारी दूर करने से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को बेरोजगार बनाना है। यह मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है। शिवराज ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है।’
प्रियंका की सभा का 26 सीटों पर असर
दमोह में प्रियंका की सभा से बुंदेलखंड की 26 सीटों पर असर पड़ेगा। खासकर दमोह की चार सीटें सहित पन्ना की तीन, सागर की रहली, छतरपुर की एक और जबलपुर की पाटन विधानसभा पर अधिक असर पड़ेगा। मतलब 10 सीटों पर सीधा असर। इससे पहले सागर में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी आ चुके हैं। ये दलित बहुल सीटें हैं।

दमोह सीट पर पूर्व वित्त मंत्री मलैया से है अजय टंडन का मुकाबला
दमोह में 2018 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी मात्र 798 वोट से जीते थे। 2020 में वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उपचुनाव में वे भाजपा के टिकट पर लड़े, लेकिन कांग्रेस के अजय टंडन से 18,000 वोटों से हार गए। इस बार भाजपा ने यहां से पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया को उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस के विधायक अजय टंडन से है।
17 दिन में MP का दूसरा दौरा
प्रियंका का 17 दिन में मध्यप्रदेश का यह दूसरा दौरा है। 12 अक्टूबर को ही उन्होंने मंडला में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को संबोधित किया था। इससे पहले वे कब आईं, नीचे ग्राफिक्स में जानिए…



