भोपाल

मध्यप्रदेश में तीन सिस्टम एक्टिव: जबलपुर में ओले गिरे, सागर में बारिश, मंडला में टेंट उड़ा, दो केंद्रीय मंत्रियों समेत कई VIP मंच के नीचे छिपे

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश में शनिवार को भी कई इलाकों में मौसम बदल गया। दोपहर करीब 2 बजे जबलपुर और सागर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जबलपुर में आधा इंच से ज्यादा पानी बरसा। जिले के सिहोरा और दमोह में आंधी, बारिश के साथ ओले गिरे। दमोह के पिपरिया दिगंबर गांव में तेज आंधी से पेड़ की डाल टूटकर संतोष रानी (55) पर गिरी, जिससे उसकी मौत हो गई।

मंडला में आंधी-बारिश से अफरातफरी की स्थिति बनी। जिले के रामनगर में आदि उत्सव कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रमेश तावड़कर, केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और जनजातीय कार्य राज्यमंत्री विश्वेश्वर टुडू समेत कई वीआईपी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान ही तेज आंधी चली और बारिश होने लगी। इससे टेंट उड़ गया। कार्यक्रम स्थल पर पानी जमा हो गया। हालात ऐसे बने कि दोनों केंद्रीय मंत्री समेत वीआईपी मेहमानों को मंच के नीचे शरण लेनी पड़ी। जनता कुर्सियों को सिर पर रखकर भीगने से बचती नजर आई।

सीधी, मलाजखंड में आधा इंच तक बारिश हुई। दमोह, ग्वालियर, उमरिया, मंडला, कटनी, सागर, सिवनी में भी बादल बरसे। अधिकांश शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहा।

भोपाल में सामुदायिक भवन का टीन शेड उड़ा

भोपाल के फंदा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अगरिया छापर​​ ​​में शुक्रवार शाम चली आंधी के कारण सामुदायिक भवन का टीन शेड उड़ गया। कई कच्चे घरों की दीवारें और छत के कबेलू भी गिर गए। सरपंच सुनील सिंह ने बताया कि करीब एक दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। ग्रामीणों ने हुजूर एसडीएम और पटवारी को सूचना देकर सर्वे कराने की मांग की है।

खंडवा सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कई शहरों में शनिवार को गर्मी का असर रहा। भोपाल में 39.6, इंदौर में 38.2, ग्वालियर में 37.1 और जबलपुर में 38.6 डिग्री तापमान रहा। सबसे ज्यादा पारा खंडवा में 40.5 डिग्री रहा। वहीं, पचमढ़ी में तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां-कितनी रही हवा की रफ्तार

शनिवार को शिवपुरी में हवा की रफ्तार 54 km प्रतिघंटा, अशोकनगर में 43 km, सीहोर में 41 km प्रतिघंटा रही। वहीं, छतरपुर में 69 km, बालाघाट में 63 km, सागर में 56 km, रीवा में 52 km, दमोह में 48 km, सीधी में 45 km, कटनी में 43 km, सिवनी में 41 km, पन्ना में 39 km और छिंदवाड़ा में 37km प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली।

चक्रवात की वजह से मौसम बदला: वैज्ञानिक

सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा एक ट्रफ लाइन साउथ यूपी-बिहार और दूसरी ट्रफ लाइन साउथ-ईस्ट एमपी से लेकर कर्नाटक तक गुजर रही है। इस कारण नमी है। इसके चलते बारिश और तेज हवा का दौर बना हुआ है।

एक सप्ताह तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि 28 मई को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो जाएगा। इस कारण अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।

भोपाल में 24 घंटे में 4 mm बारिश

भोपाल में शुक्रवार रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में भोपाल जिले में 4.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रीवा में तेज आंधी से एक मकान पर पेड़ गिर गया। इससे महिला घायल हो गई। मकान भी ढह गया। प्रदेश में हवा की स्पीड 70Km प्रतिघंटे से भी ज्यादा रही। सीहोर में तो यह 74Km तक पहुंची।

मई का आखिरी सप्ताह ठंडा
मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि मार्च से मई तक प्री-मानसून एक्टिविटी रहती है। मार्च और अप्रैल के बाद मई में भी बारिश, ओले और तेज हवा का दौर चल रहा है। मौजूदा सिस्टम की वजह से मौसम ठंडा है। ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री से नीचे ही है, जबकि मई के आखिरी दिनों में तेज गर्मी पड़ने का ट्रेंड है। पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो तापमान ग्वालियर में 47 और भोपाल में 46 डिग्री के पार पहुंच जाता है। इंदौर, जबलपुर-उज्जैन समेत बाकी शहर भी गर्म रहते हैं, लेकिन इस बार तापमान 40 डिग्री के आसपास ही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!