MP में करप्शन का अंदाजा नहीं: दिग्विजय बोले- इंजीनियर से लेकर CM तक बंट रहा पैसा, कांग्रेस की सरकार बनी तो एक-एक घपला खोलेंगे

न्यूज़ डेस्क :
खंडवा में दिग्विजय सिंह ने कहा, मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। यहां जनपद के सब इंजीनियर से लेकर मुख्यमंत्री तक 8 जगह पर पैसा बंटता है। नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान जब मैं CM शिवराज सिंह चौहान के गांव जैत पहुंचा, तो सड़कें और गांव डंपरों से पटे हुए थे। CM ने शपथपत्र में 9 करोड़ की संपत्ति बताई है। उन्होंने इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की। हमारी सरकार आती है तो एक-एक भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे।
चुनावी साल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रदेश दौरे पर हैं। आज खंडवा में कांग्रेस संगठन से चर्चा से पहले पूर्व मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, किसान की आय दोगुनी करने का दावा करने वाले खुद की आय बढ़ा रहे हैं। हमारी सरकार 5 साल के लिए चुनी गई थी। भाजपा वाले हमारे से 15 महीने का हिसाब मांगते हैं। मैं शिवराज को चैलेंज करता हूं कि वे बताएं अपने 20 साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा। दिग्विजय सिंह ने 10 साल में इंदिरा सागर सहित कई परियोजनाएं दी हैं। मुझे मिस्टर बंटाधार कहते हैं। इनके लोग ठेकेदार बने हुए हैं। ऐसी कोई योजना नहीं बची, जो बंटाधार की भेंट नहीं चढ़ी।
बजरंग दल के लोगों के खिलाफ देशद्रोह का केस करेंगे
दिग्विजय ने कहा, मध्यप्रदेश में हमारी सरकार बनेगी तो भारतीय जनता पार्टी और बजरंग दल के लोगों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया जाएगा, जिन्होंने पाकिस्तान की ISI एजेंसी के लिए जासूसी का काम किया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में हुए एक-एक भ्रष्टाचार के प्रकरण की पोल खोली जाएगी।
मोदी की फ्रेम ऐसी बनती है कि कोई दूसरा नेता नजर नहीं आता
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति से नहीं करवाना भारत के राष्ट्रपति का अपमान है। भारत की राष्ट्रपति झारखंड जाकर न्यायालय भवन का उद्घाटन कर सकती हैं, लेकिन दिल्ली में रहते हुए राष्ट्रपति भवन का उद्घाटन नहीं कर सकतीं। पहले राष्ट्रपति को आदिवासी बताकर श्रेय लिया और अब मोदी जी सिर्फ अपना चेहरा दिखाने के लिए खुद उद्घाटन कर रहे हैं। उनकी फ्रेम इस तरह बनती है कि फोटो में कोई दूसरा नेता नहीं नजर आता है।
नेहरू प्रतिमा पर माल्यार्पण, वंदे मातरम से शुरुआत
दिग्विजय सिंह ने गौरीकुंज सभागार में कांग्रेस संगठन की बैठक ली। यहां विधानसभा के दावेदारों से वन टू वन चर्चा की। बैठक कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् गीत से की। इससे पहले दिग्विजय सिंह ने बड़ाबम स्थित उद्यान में पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे। इस दौरान जिला प्रभारी कैलाश कुंडल, शहर अध्यक्ष डॉ. मुनीश मिश्रा, राजनारायण सिंह, अवधेश सिंह सिसौदिया, अजय ओझा, बुरहानपुर विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा, अणिमा उबेजा, रचना तिवारी आदि मौजूद थे।
गुटों के कारण दिग्विजय सिंह की बैठक में हंगामा
खंडवा विधानसभा में ब्लॉक, मंडल, सेक्टर सहित कार्यकर्ता सम्मेलन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के आतिथ्य में हुआ। बैठक के दौरान कई बार हंगामा हुआ। हंगामे की वजह अरुण यादव गुट के नेताओं को मंच पर भाषण के लिए नहीं बुलाना थी। मंच संचालन कर रहे शहर अध्यक्ष डॉ. मुनीश मिश्रा ने जैसे ही आखिरी नाम कमलनाथ समर्थक कुंदन मालवीय का लिया, तो अरुण यादव समर्थक बिफर पड़े। वे सीधे कार्यकर्ताओं के बीच बैठे दिग्विजय सिंह के पास गए। उनसे कहा कि हम भी पदाधिकारी हैं, लेकिन मंच पर नहीं बुलाया जा रहा है।
दिग्गी ने सबको बारी-बारी से मंच दिलाया। इसके बाद मामला शांत हुआ।बैठक में संगठन पर जोर देने की बजाय एक-दूसरे पर चुनाव के समय गुटबाजी के आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। आखिर में दिग्विजय सिंह ने खंडवा के संगठन पर निराशा व्यक्त की।