दिगम्बत पिता की याद में तीन बेटों ने एक अनोखी पहल शुरू की: स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का किया सम्मान

न्यूज़ डेस्क :
खुरई के दिवंगत शिक्षक की याद में एसपी सहित उनके तीन बेटों ने एक अनोखी पहल शुरू की है। जिसमें वह हर साल अपने पिता की स्मृति में शासकीय नवीन प्रताप स्कूल में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का प्रमाण पत्र और नगद राशि का पुरस्कार देकर सम्मानित करते हैं। साथ ही इस मौके पर डायल 100 के सागर जिला प्रभारी ने डायल 100 के बारे में भी छात्र छात्राओं को जानकारी दी।
स्कूल के बच्चों का किया प्रोत्साहन
खुरई के शासकीय नवीन प्रताप माध्यमिक स्कूल में पदस्थ रहे शिक्षक बालकृष्ण अहिरवार की वर्ष 2015 में मृत्यु के बाद उनके तीन बेटों ने अपने पिता की याद में साल 2016 से स्व. बालकृष्ण अहिरवार स्मृति शिक्षा पुरस्कार की शुरुआत की है। इसी क्रम में शनिवार को स्कूल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सबसे पहले कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने दिवंगत शिक्षक बालकृष्ण अहिरवार के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इसके बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इसके उपरांत पुरस्कारों का वितरण किया गया।

जिसमें नपाध्यक्ष नन्ही बाई अहिरवार, दिवंगत शिक्षक बालकृष्ण अहिरवार की धर्मपत्नी सरजू अहिरवार, उनके बेटे इंजी एल डी रोहित, एसपी एचएन अहिरवार और मलेरिया इंस्पेक्टर पीएल रोहित ने स्कूल के वर्ष 2023-2024 के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को नगद राशि के साथ प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। साथ ही स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं का भी सम्मान किया गया। इस योजना की सभी शिक्षकों और बच्चों ने सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन स्कूल प्रभारी समा परवीन खान ने किया। दिवंगत शिक्षक बालकृष्ण अहिरवार के बेटे डायल 100 और सीसीटीवी कंट्रोल रूम के एमपी प्रभारी एसपी एचएन अहिरवार ने बताया कि जिस तरीके से हमारे पिता ने इसी स्कूल में अपना पूरा जीवन शिक्षा में व्यतीत कर दिया और सभी बच्चों को एक समान समझा उन्हीं से हम सभी भाईयों ने प्रेरणा ली है।
पिता की याद में हम सभी भाई स्कूल के बच्चों को प्रोत्साहन के रूप में नगद राशि व प्रमाण पत्रों का वितरण करते हैं।

डायल 100 के बारे में अवगत कराया
डायल 100 सागर के प्रभारी एसआई आरकेएस चौहान, एसआई दशरथ सुमन, एसआई देवेश मिश्रा ने कार्यक्रम के दौरान बच्चों को डायल 100 की उपयोगिता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आप को कोई भी मुसीबत आती है या आपके सामने कोई घटना होती है तो आप बिना देर किए हुए 100 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। यदि आप कोई भी जानकारी देते हैं तो आपका नाम गुप्त रखा जाएगा।

यह रहे मौजूद
डायल 100 प्रभारी एसआई आर के एस चौहान, एसआई दशरथ सुमन, एसआई देवेश मिश्रा, एडवोकेट शिवचरण लाल मेंशन, प्रोफेसर अजय कुमार चौधरी, पटवारी गुलाब राज, एडवोकेट रैदास, गया प्रसाद चौधरी, रविशंकर अहिरवार, जनशिक्षक भोलाराम अहिरवार, आरक्षक देवेश कुशवाहा, डायल 100 पायलट ललित लिटोरिया, प्रधानाध्यापिका समा परवीन खान, रेखा जैन, दीपाली सोनी, राजकरण वर्मा, गुलाब अहिरवार, मनीषा पवार, शारदा सोनी सहित अन्य लोग मौजूद थे।



