मध्यप्रदेश

खेत का सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम पर ईंट-डंडा लेकर टूट पड़ीं: पत्थर मारकर पटवारी का सिर फोड़ा

न्यूज़ डेस्क :

भिंड के लहार तहसील के गांव में राजस्व टीम पर महिलाओं ने हमला कर दिया। महिला और पुरुष टीम पर ईंट, लाठी-डंडा लेकर टूट पड़े। पत्थर मारकर पटवारी का सिर फोड़ दिया। टीम शुक्रवार को यहां खेत का सीमांकन करने गई थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया। लहार थाने में हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में तहसीलदार को हटा दिया गया है।

लहार तहसील के केशवगढ़ गांव में रहने वाले मुकेश सिंह ने अपने खेत का सीमांकन कराने के लिए राजस्व विभाग में आवेदन दिया था। उसे शक था कि गांव के कुछ लोगों ने मेढ़ बनाकर खेत को दबा लिया है। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे टीम पटवारी राजकुमार सिंह, आरआई समेत पांच लोगों की टीम नपाई करने पहुंची। खेत की नपाई के दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने विरोध किया।

टीम ने समझाइश दी कि नपाई के बाद अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए समय दिया जाएगा। बावजूद गांव वाले गाली-गलौज कर सीमांकन रोके जाने का दबाव बनाने लगे।

फिर लाठी-डंडे लेकर कर दिया हमला

टीम ने गाली-गलौज से मना किया, तो महिलाओं और पुरुषों ने लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। इसमें पटवारी राजकुमार सिंह के सिर में चोट आई है। टीम ने लहार तहसीलदार ओर एसडीएम से इसकी शिकायत की। साथ ही, थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

लहार के तहसीलदार बने नागौरिया

मामले में कलेक्टर ने इसे तहसीलदार की लापरवाही माना है। उन्होंने तहसीलदार उदय सिंह जाटव को हटाकर भिंड जिला मुख्यालय में अटैच कर दिया है। उनकी जगह, लहार में प्रभारी तहसीलदार राजकुमार नागोरिया को भेजा गया है।

बता दें कि उदय सिंह जाटव की लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। पिछले दिनों सीमांकन के दौरान भी उनकी भूमिका पर सवाल उठे थे। भिंड से जाने वाली सर्वे टीम द्वारा सीमांकन में सहयोग न किए जाने की बात सामने आई थी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!