कीचड़ और गंदगी से बदहाल अहिरवार मोहल्ले का रास्ता: ग्रामीणों ने लगाई सफाई व अतिक्रमण हटाने की गुहार

आनंदपुर डेस्क:
गोफन से पत्थर मार युद्ध दशहरा परंपरा के लिए प्रदेशभर में प्रसिद्ध ग्राम कालादेव इन दिनों एक गंभीर स्थानीय समस्या से जूझ रहा है। गांव के अहिरवार मोहल्ले के रहवासी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने तथा रास्ते पर पानी जमा रहने से भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। मुख्य मार्ग से मोहल्ले तक जाने वाला रास्ता कीचड़, गंदगी और जलभराव से प्रभावित हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों फूल सिंह, नंदराम, भगवान सिंह, तूफान सिंह सहित अहिरवार मोहल्ले के अनेक निवासियों ने बताया कि मुख्य सड़क से उनके मोहल्ले तक पहुंचने वाले मार्ग पर लंबे समय से गंदा पानी और कीचड़ जमा है। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही हालात बिगड़ चुके हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के दोनों ओर कुछ लोगों द्वारा कांटेदार बाड़ लगा दी गई है, और बीच रोड पर मुरम और पत्थर पटक कर दिए हैं जिससे मार्ग और अधिक संकरा हो गया है तथा आवागमन में दिक्कत बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तथा रास्ते के आसपास किए गए अवरोधों को हटाकर मार्ग को सुगम बनाया जाए। उनका कहना है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में सरपंच पति रामेश्वर शर्मा ने बताया कि अहिरवार मोहल्ले से मुख्य सड़क तक जाने वाला यह एक परंपरागत और वर्षों पुराना सार्वजनिक मार्ग है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने मार्ग के हिस्से पर मोरम, पत्थर और अन्य सामग्री डालकर अवैध कब्जा कर लिया है, जिसके कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है और रास्ते पर कीचड़ जमा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से आवेदन लेकर तहसीलदार को भेजा जाएगा। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई किए जाने के बाद पंचायत तत्काल सफाई अभियान चलाकर मार्ग को दुरुस्त करेगी तथा जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास करेगी। ग्रामीणों को अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई का इंतजार है।



