न्यूज़ डेस्क

देश में बाघों की आबादी 3 हजार 167, PM ने जारी किए आंकड़े: बांदीपुर टाइगर रिजर्व में खुली जीप में घूमे

न्यूज़ डेस्क :

देश में 2018 से 2022 के दौरान 200 बाघ बढ़ गए हैं। प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने पर कर्नाटक के मैसूर पहुंचे PM नरेंद्र मोदी ने बताया कि देश में बाघों की आबादी 3 हजार 167 हो गई है। 2018 में यह संख्या 2 हजार 967 थी। इससे पहले मोदी रविवार सुबह साढ़े 8 बजे बांदीपुर टाइगर रिजर्व पहुंचे। टी-शर्ट, ट्राउजर, जैकेट, हैट, ब्लैक चश्मे और कैमरे के साथ नए लुक में नजर आए।

PM ने बांदीपुर टाइगर रिजर्व में खुली जीप में करीब 20 किमी लंबी जंगल सफारी की। इसके बाद उन्होंने कर्नाटक सीमा से लगे मुदुमलई नेशनल पार्क में थेप्पाकडु एलिफेंट पार्क पहुंचकर हाथियों को गन्ने खिलाए। ये वही नेशनल पार्क है, जहां ऑस्कर विनिंग शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ शूट हुई थी। PM फिल्म में नजर आए हाथी रघु और उसे पालने वाले बोम्मन और बेली से भी मिले।

मोदी ने बिग कैट्स अलायंस की लॉन्चिंग की


प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने टाइगर से जुड़े नए आंकड़े जारी किए। इसके अलावा एक सिक्का भी जारी किया। प्रधानमंत्री ने इंटरनेशनल बिग कैट्स अलायंस (IBCA) की भी शुरुआत की। ये संगठन दुनियाभर में बिल्लियों की सात बड़ी प्रजातियों बाघ, शेर, हिम तेंदुआ, तेंदुआ, प्यूमा, जगुआर और चीता को संरक्षित करने पर फोकस करेगा।

6 साल पहले की ये तस्वीर भी देखें… जब पीएम मोदी ने क्लिक की थी टाइगर की फोटो

1 नवंबर 2016 को पीएम मोदी छत्तीसगढ़ फाउंडेशन डे पर नया रायपुर गए थे। यहां उन्होंने एशिया की सबसे बड़ी मैन मेड जंगल सफारी नंदनवन का लोकार्पण किया था। जब वे सफारी पर निकले तो खुद कैमरा संभाला और एक टाइगर की फोटो भी क्लिक की। इसी दौरान सीएम रमन सिंह ने मोदी की फोटो खींची थी, जो वायरल हुई थी।

कांग्रेस ने कहा- PM प्रोजेक्ट टाइगर का क्रेडिट लेंगे, इंदिरा गांधी की तस्वीर शेयर की


प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर लिखा, ‘PM बांदीपुर में 50 साल पहले लॉन्च हुए प्रोजेक्ट टाइगर का पूरा क्रेडिट लेंगे। वे खूब तमाशा करेंगे, जबकि पर्यावरण, जंगल, वन्य जीव एवं वन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासियों की रक्षा के लिए बनाए गए सभी कानून ध्वस्त किए जा रहे हैं। वे भले ही सुर्खियां बटोर लें, लेकिन हकीकत बिल्कुल उलट है।’

वहीं, कर्नाटक कांग्रेस ने इंदिरा गांधी की तस्वीर शेयर कर लिखा- ‘कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया है। यह कांग्रेस सरकार थी जिसने 1973 में बांदीपुर बाघ संरक्षण परियोजना लागू की थी, जहां आज आप सफारी का आनंद ले रहे हैं। ये उसी का परिणाम है कि आज बाघों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।’ इसके अलावा कांग्रेस ने तंज कसते हुए लिखा, पीएम मोदी से खास अपील है कि बांदीपुर को अडाणी को मत बेचना।

2019 में पीएम ने की थी जानवरों का शिकार रोकने की पहल
2019 में पीएम मोदी ने ग्लोबल लीडर्स के साथ मिलकर एशिया में जानवरों के अवैध शिकार और अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने की पहल की थी। प्रधानमंत्री के उसी संदेश को आगे बढ़ाते के लिए IBCA की शुरुआत की जा रही है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!