सिरोंज में अजीब मामला मां की उम्र 52 तो बेटे की उम्र 50 साल कैसे
फर्जी दस्तावेज लगाकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बनी महिला, ग्रामीणों की शिकायत पर जांच जारी

सिरोंज डेस्क :
सिरोंज में अजीब मामला सामने आया है। यहां 50 साल के व्यक्ति की मां की उम्र सिर्फ 52 साल है। अगर दस्तावेजों की माने तो यही सही है। राजकुमार की उम्र 50 साल है और उनकी मां हरिबाई की उम्र आधार कार्ड के हिसाब से सिर्फ 52 साल है। दरअसल, कागजों में हेरफेर कर एक महिला की उम्र 17 साल कम कर दी गई।
इन्हीं कागजों के दम पर हरिबाई महिला बाल विकास विभाग में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी भी कर रही है। 69 साल की महिला ने खुद को 52 साल की बता कर नौकरी जारी रखी हुई है। आंगनवाड़ी में 1992 में उन्होंने नौकरी शुरू की थी। इसकी शिकायत गांव वालों ने भी की है।
समग्र आईडी में बदल गई उम्र
कुरवाई विधानसभा की निर्वाचक नामावली में भाग संख्या 20 में हरिबाई के पूरे परिवार की जानकारी है। वोटर कार्ड में हरिबाई पत्नी रामस्वरूप की उम्र 69 साल दर्ज है। गृह संख्या 141 ग्राम दिकनाखेड़ा दर्ज है। इसी पृष्ठ पर उनके बेटे राजकुमार की उम्र 50 वर्ष दर्ज है, छोटे बेटे चंद्रेश की उम्र 47 वर्ष दर्ज है।
परिवार की समग्र आईडी में हरिबाई की 68 वर्ष उम्र दर्ज है। इनके बेटे चंद्रमोहन उर्फ चंद्रेश की उम्र 46 साल और बहू प्रीति की उम्र 34 साल दर्ज है। लेकिन 13 जुलाई 2023 को जो समग्र आईडी दिखाई दे रही है उसमें बेटे चंद्र मोहन की उम्र 47 साल और बहू प्रीति की उम्र 35 साल है। लेकिन हरिबाई की उम्र 52 साल हो गई।
शिकायत के बाद जांच जारी
मामले की शिकायत रामबाबू, ओम प्रकाश, दिनेश ने सिरोंज एसडीएम और कलेक्टर से की है। सिरोंज एसडीएम हर्षल चौधरी और महिला बाल विकास की अधिकारी ने जांच का भरोसा दिया है।