मध्यप्रदेश

उज्जैन के माकड़ोन में सरदार पटेल- डॉ. अंबेडकर की मूर्तियां लगेंगी: 3 दिन पहले ट्रैक्टर से मूर्ति तोड़ने पर हुआ था बवाल, दोनों पक्षों में हुआ समझौता

उज्जैन डेस्क :

उज्जैन में सरदार पटेल की मूर्ति ट्रैक्टर से तोड़ने के बाद हुए बवाल में रविवार को समझौता हो गया। अब यहां सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर दोनों की मूर्तियां लगाई जाएंगी। दोनों पक्षों की सहमति से यह निर्णय लिया गया है।

उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी सचिन शर्मा की मौजूदगी में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों की समन्वय बैठक हुई। इस दौरान, दोनों पक्ष के लोगों ने दोनों प्रतिमाएं लगाने और आपसी तालमेल बनाए रखने की बात कही। प्रशासन ने घटना के बाद दोनों पक्षों पर दर्ज केस के निराकरण करने की बात भी कही।

माकड़ोन में गुरुवार को पाटीदार समाज और भीम आर्मी आमने-सामने आ गए थे। विवाद सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति उखाड़कर तोड़फोड़ करने पर हुआ था। एक पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर मूर्ति गिरा दी। फिर रॉड और पत्थर मारकर मूर्ति में तोड़फोड़ की थी। इससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया था।

दोनों पक्षों में पथराव हुआ और लाठियां चलीं थी। भीड़ ने कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी। कई दुकानों में भी पथराव किया गया था। सब इंस्पेक्टर लालचंद शर्मा इसमें घायल हाे गए थे। मामले में माकड़ोन टीआई भीम सिंह देवड़ा को निलंबित किया गया था।

रात में असामाजिक तत्वों ने लगाई थी मूर्ति

माकड़ोन मंडी गेट और बस स्टैंड के पास जमीन खाली पड़ी है। भीम आर्मी चाहती थी कि यहां डॉ. अंबेडकर की मूर्ति लगाई जाए, जबकि पाटीदार समाज के लोग सरदार पटेल की मूर्ति लगाने की मांग करते आ रहे हैं। मामला पंचायत में विचाराधीन है। बुधवार रात असामाजिक तत्वों ने इस जमीन पर सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित कर दी। दूसरे पक्ष के लोगों को इसका पता चला, तो वे सुबह जमा हो गए और मूर्ति गिरा दी।

अफसरों ने दोनों पक्षों को बुलाया

प्रशासनिक संकुल भवन में हुई बैठक में कलेक्टर ने दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को बात रखने के लिए कहा। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने घटना पर दु:ख व्यक्त किया। साथ ही, दोनों पक्षों ने भविष्य में शांति और सामंजस्य बनाए रखने का आश्वासन दिया।

दोनाें की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी

बैठक में पाटीदार समाज माकड़ोन के अध्यक्ष किरण वडिया और अजाक्स के जिलाध्यक्ष डॉ. आरएल परमार भी मौजूद रहे। निर्णय लिया गया कि सरदार पटेल और डॉ. अंबेडकर दोनों की मूर्तियां पुन: स्थापित की जाएंगी। सरदार पटेल की मूर्ति पुन: उसी जगह लगाई जाएगी। बस स्टैंड पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति भी लगेगी।

एसपी सचिन शर्मा ने कहा कि भविष्य में जिम्मेदार शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस माकड़ोन में पेट्रोलिंग कर रही है। एएसपी नितेश भार्गव माकड़ोन में मौजूद रहेंगे। भविष्य में स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की बैठक होगी। वहीं, मूर्ति की स्थापना की प्रक्रिया नियमानुसार की जाएगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!