मध्यप्रदेश

भोपाल में 14 दिवंगत मुख्यमंत्रियों की प्रतिमा का अनावरण: अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर शिवराज ने अजय सिंह के साथ दी पुष्पांजलि

भोपाल डेस्क :

मंत्रालय परिसर में मंगलवार को प्रदेश के 14 दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमाओं का अनावरण उनके परिजनों की मौजूदगी में हुआ। इस मौके पर राजनीतिक मंच से दूर कांग्रेस और भाजपा सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री रहे दिवंगत नेताओं के परिजनों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी नहीं पहुंचे। ऐसी स्थिति में कैलाश जोशी के पोते जयवर्धन जोशी की मौजूदगी रही। सीएम चौहान ने जयवर्धन का शाल श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी मौजूद रहे और सीएम चौहान के साथ अपने पिता स्व. अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। पूर्व सीएम भगवंत राव मंडलोई के परिजन और नगरीय विकास व आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई और उनके परिजनों की उपस्थिति कार्यक्रम में रही। पूर्व सीएम गोविंद नारायण सिंह के बेटे पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह और उनके परिजन, पूर्व सीएम वीरेंद्र सखलेचा के बेटे और मंत्री ओपी सखलेचा भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

सीएम बोले, दिवंगत मुख्यमंत्रियों ने जो सपने देखे, उन्हें पूरा करने के हो रहे प्रयास

प्रतिमाओं के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारे पूर्व मुख्यमंत्रियों ने विकास के जो स्वप्न देखे थे, उन्हें पूरा करने का प्रयास हमारी सरकार कर रही है। दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमाएं केवल मूर्ति नहीं, हमारी भावनाओं का प्रकटीकरण हैं। वल्लभ भवन में जब ये नया सचिवालय बना। तब मेरे मन में यह भाव आया कि सभी दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमा यहां लगनी चाहिए ताकि हम उनके योगदान को स्मरण कर सकें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के गठन को 1 नवंबर 2023 को लगभग 67 वर्ष हो जाएंगे। इन वर्षों में प्रदेश ने प्रगति और विकास की एक लंबी यात्रा तय की। मैं पूरे गर्व के साथ कहता हूं कि इस विकास यात्रा में प्रत्येक मुख्यमंत्री का अतुलनीय योगदान रहा है। मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास में सभी मुख्यमंत्रियों ने अतुलनीय योगदान दिया है। मैं आज उन सभी के चरणों में प्रणाम करता हूं।

इन 14 दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमा लगीं​​​​​​​

मंगलवार को मंत्रालय वल्लभ भवन परिसर में जिन 14 पूर्व दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों की अर्द्धप्रतिमाओं का अनावरण हुआ। उसमें रविशंकर शुक्ल, भगवंतराव मंडलोई, कैलाशनाथ काटजू, द्वारिका प्रसाद मिश्र, गोविंद नारायण सिंह, राजा नरेशचंद्र सिंह, श्यामाचरण शुक्ल, प्रकाश चंद्र सेठी, कैलाश चंद्र जोशी, वीरेन्द्र कुमार सखलेचा, सुंदरलाल पटवा, अर्जुन सिंह, मोतीलाल वोरा, बाबूलाल गौर शामिल हैं। सीएम ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्रियों के परिजनों के साथ संवाद कर शाल और श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया। इन प्रतिमाओं का निर्माण अनिल पंडित और उनकी टीम ने किया है। लोक निर्माण विभाग ने प्रतिमाओं का काम कराया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!