61 दिन बाद दिल्ली गए शिवराज: पूर्व मुख्यमंत्री बोले पार्टी मेरे लिए जो भी भूमिका तय करेगी, वह काम मैं करूंगा: मैं राज्य के साथ-साथ केंद्र में भी रहूंगा

भोपाल डेस्क :
MP विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को पहली बार दिल्ली पहुंचे। वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बुलावे पर गए।
शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद कहा, ‘एक कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी मेरे लिए जो भी भूमिका तय करेगी, वह काम मैं करूंगा। मैं राज्य के साथ-साथ केंद्र में भी रहूंगा। यदि आप किसी बड़े मिशन पर काम कर रहे हैं, तो पार्टी ही तय करती है कि आप कहां काम करेंगे’
56 सेकंड की चर्चा में उन्होंने 5 बार कहा- जो पार्टी तय करेगी, वो काम करूंगा।
शिवराज सिंह ने कहा-हम लोगों ने साथ काम किया है। उनके साथ अगले काम के बारे में भी मुझसे चर्चा हुई। एक तो पार्टी के कार्यकर्ता के नाते मैंने पहले कई बार कहा है कि भाजपा का काम मेरे लिए मिशन है। जब आप मिशन में काम करते हैं तो तय नहीं करते कि आप क्या करेंगे। मिशन तय करता है कि आप क्या करेंगे। वो मेरे लिए तय करेंगे। फिलहाल विकसित भारत संकल्प यात्रा में मेरे कार्यक्रम बनेंगे, उनमें मैं जाऊंगा, बाकी जैसा अध्यक्ष जी तय करेंगे।

इससे पहले शिवराज सिंह ने X पर लिखा- आज नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। इस दौरान राष्ट्र उत्थान, लोक कल्याण और जनसेवा के विषय पर चर्चा हुई। ‘सेवा ही संकल्प है’ के ध्येय के लिए भाजपा के समस्त कार्यकर्ता समर्पित हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की नड्डा के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा हो सकती है। CM डॉ. मोहन यादव के शपथ ग्रहण करने के पांच दिन बाद भी मंत्रियों के नाम तय नहीं हो पाए हैं। दो दिन से दिल्ली में MP BJP के नेताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व मंत्रिमंडल के नामों पर विचार मंथन कर रहा है।

सोमवार को हुआ दौरे में बदलाव
शिवराज सिंह चौहान सोमवार शाम दिल्ली जाकर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने वाले थे। उन्होंने सोमवार को विधानसभा में शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा था कि वे आज शाम दिल्ली जा रहे हैं। बाद में उनके कार्यालय से दिल्ली जाने के कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी दी गई।
61 दिन बाद दिल्ली गए शिवराज
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान 61 दिनों के बाद दिल्ली गए हैं। इससे पहले वे 20 अक्टूबर को दिल्ली में बीजेपी की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने पहुंचे थे। उसके बाद वे चुनाव में व्यस्त रहे और अब नड्डा के बुलावे पर दिल्ली गए हैं।



