शिवराज सिंह ने कुरवाई में किया रोड-शो: CM ने कहा- प्रदेश में कोई बिना जमीन/घर के नहीं रहने दूंगा

विदिशा डेस्क :
शिवराज सिंह चौहान जनदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने कुरवाई पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री रथ पर सवार होकर निकले। 2 किमी चले रोड शो में लोगों का हुजूम उमड़ा। कई जगह मुख्यमंत्री का स्वागत हुआ। इस दौरान लोगों ने घरों से पुष्प वर्षा की। इस दौरान रथ के आगे की ओर ग्रामीण परंपरा अनुसार लोक नृत्य का मंचन कलाकारों द्वारा किया जा रहा था, जिसमें ढपली की थाप पर दिल-दिल-घोड़ी और जय माता जानकी मैया लोक नृत्य कलाकारों के द्वारा किया जा रहा था।
जनदर्शन रथ में मुख्यमंत्री के साथ सागर सांसद राज बहादुर सिंह, कुरवाई विधायक हरि सिंह सप्रे, जिला क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य डॉ. राकेश जादौन साथ मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री 325 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत के 25 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जान भले ही चली जाए। जनता के विश्वास को कभी टूटने नही दूंगा। हम एक नया मध्यप्रदेश बना रहे हैं। कुरवाई और आसपास के विकास के लिए बीना रिफायनरी के साथ ही आगसोद में ही जल्दी ही 50 हजार करोड़ की लागत से पेट्रोल केमिकल कांप्लेक्स बनाया जाएगा। जो लोगों की जिंदगी बदल देगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि वे कुरवाई के सिविल अस्पताल का उन्नयन कर 50 बिस्तर का करेंगे। कुरवाई में रानी अवंतीबाई की मूर्ति लगाई जाएगी। पठारी में नया महाविद्यालय खोला जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सरकार को परिवार के जैसे चलाते है। वे संकल्प के साथ एक तरफ प्रदेश में विकास और दूसरी तरफ जनता के कल्याण के काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से कहा कि बेघर लोग परेशान नहीं हो। यह शिव संकल्प है कि जिनके नाम प्रधानमंत्री आवास और आवास प्लस में भी नहीं आए हैं। उनके लिए मुख्यमंत्री जनआवास योजना बना रहा हूं और यह वायदा करता हूं कि प्रदेश में कोई भी घर की जमीन के बिना नहीं रहेगा। जमीन नहीं होगी तो खरीद कर दूंगा और पक्का मकान भी बनाऊंगा।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि अब ऐसे परिवार को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा, जो किसी अन्य योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं। जो आयकर दाता नहीं है। वहीं, लाड़ली बहनों के स्वागत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों यह राखी के कच्चे धागे का बंधन नहीं। यह भाई-बहन का पवित्र रिश्ता है। मैं वचन देता हूं कि बहनों के आंखों में आंसू नहीं आने दूंगा। उनकी जिंदगी बदल दूंगा।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परेशान होने वाली बहनों की स्थिति वे जानते है। इसीलिए यह लाड़ली बहना योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि सगे भाई के नाते मेरा फर्ज है कि मैं बहनों की जिंदगी बदल दूं। अभी सवा करोड़ बहनों के खाते में एक हजार के मान से 15 हजार करोड़ रुपए साल के दे रहे हैं। यह संख्या बढ़ने वाली है क्योंकि हमने 21 से 23 साल वाली और ट्रैक्टर वाली बहनों के भी आवेदन लिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बहनों का आव्हान किया कि वे 27 तारीख को रक्षाबंधन मनाएंगे और बहनें उनसे इस कार्यक्रम में जरूर जुड़ें। उन्होंने बहनों से कहा कि वे चिंता न करें। मैं एक हजार की राशि को तीन हजार रुपए तक ले जाऊंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आजीविका मिशन की बहनों की आमदनी 10 हजार रुपए महीना करूंगा। मुझे बहनों के साथ ही जनता की जिंदगी बदलना है।