भोपाल

MP में ‘करप्शन नाथ’ के जवाब में ‘शिवराज नहीं घोटाला राज’: प्रदेश में गरमाई पोस्टर पॉलिटिक्स, FIR कराने थाने पहुंची कांग्रेस, वीडी बोले- BJP का लेना-देना नहीं

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश में पोस्टर पॉलिटिक्स तेज हो गई है। शुक्रवार सुबह भोपाल में ‘कमलनाथ वॉन्टेड’ लिखे पोस्टर नजर आए। जिनमें कमलनाथ को करप्शन नाथ बताया गया। इसके बाद शाम को भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ पोस्टर लगे। इन पर लिखा था- शिवराज नहीं, घोटाला राज।

कमलनाथ के खिलाफ भोपाल में ये पोस्टर्स शाहपुरा, मनीषा मार्केट और शैतान सिंह चौराहे पर लगाए गए हैं। इनमें पूछा गया है- 25000 करोड़ का किसान कर्जमाफी घोटाला, 2400 करोड़ का हेलिकॉप्टर घोटाला, 1178 करोड़ का गेहूं बोनस घोटाला, 600 करोड़ का खाद घोटाला, 350 करोड़ का CD घोटाला, 1963 करोड़ का मोबाइल घोटाला किसने किया? इनके आगे ‘करप्शन नाथ’ लिखा है। ऐसे ही पोस्टर रीवा में चिपकाए गए।

वहीं, CM शिवराज के खिलाफ पोस्टर भोपाल के 5 नंबर बस स्टॉप के पास लगाए गए हैं। इन पर लिखा है- शिवराज के 18 साल..घपले और घोटालों की भरमार। पोस्टर्स में डंपर घोटाला, व्यापमं महा घोटाला, पोषण आहार घोटाला, ई-टेंडरिंग घोटाला, कारम डैम घोटाला, कन्यादान घोटाला का जिक्र किया गया है।

कांग्रेस कार्यकर्ता थाने पहुंचे, धरना दिया

भोपाल और रीवा में कमलनाथ वॉन्टेड के पोस्टर्स पर क्यूआर कोड भी दिया है। इन पर लिखा है- स्कैम से बचने के लिए स्कैन करें। पोस्टर्स में 15 महीने की कमलनाथ सरकार का जिक्र कर घोटाले बताए गए हैं।

मामला सामने आते ही कांग्रेस, BJP पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा अपना वास्तविक चरित्र दिखाने लगी है। हमें छेड़ोगे, तो हम छोड़ेंगे नहीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक्शन लें, अगर एक्शन नहीं लेते हैं, तो यह साफ हो जाएगा कि ये बस उनके इशारे पर हुआ है।

मामले में कांग्रेस नेता भोपाल के चूना भट्‌टी थाने पहुंचे। यहां भोपाल दक्षिण-पश्चिम से कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आवेदन सौंपा। FIR नहीं होने पर कांग्रेस नेताओं ने थाने में हंगामा कर दिया। वे थाने में ही धरने पर बैठ गए।

कमलनाथ ने कहा- मुझे BJP से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ’47 साल के राजनैतिक जीवन में मेरे ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। आज ये पोस्टर्स लगा रहे हैं। भाजपा का एक-एक नेता भ्रष्टाचार में लिप्त है। कोई भ्रष्टाचार तब तक नहीं हो सकता, जब तक मुख्यमंत्री खुद उसमें भागीदार न हो। इन्होंने पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार का सिस्टम बनाया हुआ है। आज इनके पास मेरे लिए कुछ कहने को बचा नहीं। जनता मेरी गवाह है। मुझे भारतीय जनता पार्टी से कोई सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।’ भाजपा के दावे कि यह कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई है, इस पर कमलनाथ ने कहा, ‘ये सफाई क्यों देना चाह रहे हैं, कहें कि हमने लगाए हैं। कहें कमलनाथ भ्रष्टाचारी है, जनता फैसला करेगी।’

वीडी शर्मा बोले- BJP का लेना-देना नहीं

पोस्टर्स पर BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘कांग्रेस हमेशा आरोप लगाती है। हर चीज BJP पर क्यों डाली जाती है। BJP का इससे कोई लेना-देना नहीं। किसने ये किया होगा, ये तो कमलनाथ जी बता सकते हैं, लेकिन ये पक्का है कि किसी पर इस प्रकार के टैग लगने का अर्थ है कि आप करप्ट नाथ थे, आपने मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार में डुबोयो था। आज जनता इसका इस रूप में प्रकटीकरण कर रही है। इसका जवाब कमलनाथ को देना चाहिए कि वे करप्ट नाथ हैं या नहीं।’

कर्नाटक में कांग्रेस ने चलाया था PayCM कैम्पेन

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने तत्कालीन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री वसवराज बोम्मई के खिलाफ भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप लगाते हुए PayCM कैम्पेन चलाया था। इस कैम्पेन में PayTM की तरह क्यूआर कोड के भीतर कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बोम्मई की फोटो लगाई गई थी। कर्नाटक में यह कैम्पेन चलाने वाले चुनावी रणनीतिकार सुनील कानूगोलू अब मप्र कांग्रेस के चुनाव कैम्पेन की कमान संभालने वाले हैं। मप्र में कांग्रेस कर्नाटक जैसा कैम्पेन शुरू कर पाती, उससे पहले ही कमलनाथ की सरकार पर हमला बोलते हुए ये पोस्टर लगाए गए हैं। हालांकि, ये पोस्टर किसने लगाए और किसकी तरफ से लगाए गए? ये साफ नहीं है।

मामले में किसने क्या – कहा…

कांग्रेस बोली- BJP के पोस्टर अभियान से हमें चिंता नहीं

मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन केके मिश्रा ने कहा, ‘चुनाव नजदीक आते ही भाजपा अपने वास्तविक चरित्र को दिखाने पर आमादा हो चुकी है। कमलनाथ के खिलाफ भाजपा के पोस्टर अभियान से हमें कोई चिंता नहीं। हमारे नेता जनता के दिलों में हैं, लेकिन जो लोग मुद्दों से इतर अपने इस चरित्र को सार्वजनिक कर रहे हैं, उन्हें चेतावनी देना चाहता हूं कि मप्र का राजनीतिक वातावरण विषाक्त न हो। यदि भाजपा इस डर्टी पॉलिटिक्स पर आई, तो हमारे पास भ्रष्टों के खिलाफ प्रमाणिक आरोपों का भंडार है। वे जवाब देते – देते थक जाएंगे और चुनाव निकल जाएगा। हमें छेड़ें न, नहीं तो हम छोड़ेंगे नहीं।’

नेता प्रतिपक्ष बोले- ये BJP के किसी बड़े नेता की साजिश

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, ‘ये साजिश भाजपा के किसी कार्यकर्ता द्वारा किसी बड़े नेता के इशारे पर की गई है। 2023 के चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। CM से अनुरोध है कि अगर आपकी पार्टी का हाथ नहीं है या है, उच्च स्तरीय जांच कराएं।’

नरोत्तम मिश्रा बोले- इसके पीछे कांग्रेस का कोई आस्तीन का सांप तो नहीं
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, विचार करो कि कहीं कबीलों के कुनबों की कलह तो फूट-फूटकर बाहर नहीं आ रही। फटा पोस्टर, निकला जीरो … कमोबेश यही है, जो सामने आता जा रहा है। कांग्रेस को थाने जाने से पहले विचार करना चाहिए कि कोई आस्तीन का सांप तो नहीं है।

अरुण यादव बोले- भाजपा में सत्ता जाने की बौखलाहट
कांग्रेस नेता अरुण यादव ने कहा, ‘भाजपा द्वारा कमलनाथ जी के आपत्तिजनक पोस्टर लगाना बता रहा है कि भाजपा में घबराहट है। सत्ता जाते हुए दिख रही है, तो बौखलाहट में आपत्तिजनक पोस्टर लगवा रहे हैं।’

यह मध्यप्रदेश की अस्मिता पर हमला

कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि अपनी ओर से कार्रवाई करते हुए ऐसे पोस्टर लगाने वालों को गिरफ्तार करें और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दें। अगर वे ऐसा करने में विफल होते हैं, तो मध्यप्रदेश की जनता के सामने स्पष्ट हो जाएगा कि यह सब काम उनके इशारे पर हो रहा है।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!