विदिशा

भीषण सड़क हादसा- 8 साल के मासूम बच्चे को बस ने कुचला, मौके पर ही मौत: गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग, ड्राइवर-कंडक्टर फरार

सिरोंज डेस्क:

विदिशा जिले के सिरोंज में 8 साल के बच्चे को बस ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी। घटना दोपहर करीब 3.30 बजे आरोन मार्ग पर रोहिलपुरा चौराहे के पास की है।
बताया जा रहा है कि नटेरन तहसील के हिनौची निवासी कल्याण सिंह जाटव अपने बेटे सूरज जाटव के साथ सड़क किनारे खड़े थे। तभी आरोन से भोपाल की ओर जा रही शक्ति ट्रैवल्स की बस ने बच्चे को कुचल दिया।

घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्‌ठा हो गई। लोगों ने बस में बैठी सवारियों को नीचे उतार लिया। इसके बाद पहले बस में तोड़फोड़ की और फिर उसमें आग लगा दी। बस सद्गुरु बस कंपनी (शक्ति ट्रांसपोर्ट) विदिशा की है l बस मालिक का नाम बन्नू सिंह है l बच्चे के पिता ईंट भट्‌ठे पर काम करते हैं।

पुलिस ने कहा- किसी शरारती तत्व ने लगाई आग
घटना की सूचना पर एसडीओपी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजीव गांधी अस्पताल भेजा है। एसडीओपी उमेश कुमार तिवारी ने बताया कि घटना के बाद किसी शरारती तत्व ने बस में आग लगा दी। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

error: Content is protected !!