ग्वालियर

IITM के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल होने से पहले राष्ट्रपति मुर्मू को सिंधिया ने दिखाया जयविलास पैलेस: जयविलास पैलेस में प्रेसिडेंट लंच लेंगी।

ग्वालियर डेस्क :

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू गुरुवार को ग्वालियर दौरे पर हैं। वे IITM (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंर्फोमेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट) के चौथे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। वे पहले जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम जयविलास पैलेस देखने पहुंचीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया ने उन्हें पैलेस दिखाया।

जयविलास पैलेस में प्रेसिडेंट लंच लेंगी। उन्हें बिना प्याज-लहसुन का भोजन परोसा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया के मार्गदर्शन में ओडिशा व उत्तर भारत की स्पेशल डिश तैयार की गई है।

दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, IIITM के बोर्ड ऑफ गवनर्स के चेयरपर्सन दीपक घैसास व निदेशक प्रो. श्रीनिवास सिंह मंचासीन रहेंगे।

ये रहेगा मेन्यू कार्ड

राष्ट्रपति के लिए महल खारा भात, दालमा, संतुला, जीरा मूंग दाल, पत्तल भाजी, पनीर मखाना, भिंडी कुरकुरी, अरबी पत्ता, हरिया साग, आलू तरीको, मकई की किस, घी भात, रोटी, अचारी बैगन, पैलेस अचार, पापड़, मीठे में गाजर का हलवा, मखाने की खीर और रस मलाई रहेगी।

दोपहर 2.40 बजे पहुंचेंगी IIITM

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू दोपहर 2.40 बजे गोले का मंदिर मुरैना लिंक रोड स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन संस्थान (IIITM) पहुंचेंगी। यहां वे स्लम एरियाज (मलिन बस्तियों) के 10 बच्चों को ट्रिपल आईटीएम के स्टूडेंट ज्ञान मूवमेंट के तहत पुस्तकें भेंट करेंगी। यहां वे बॉयज हॉस्टल की आधारशिला रखेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति IIITM के चौथे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। राष्ट्रपति मुर्मू दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद शाम 4.40 बजे एयर फोर्स स्टेशन महाराजपुरा के लिए रवाना होंगी। शाम करीब 5 बजे एयरफोर्स स्टेशन से विमान द्वारा जयपुर रवाना होंगी।

काकोडकर मानद उपाधि से होंगे विभूषित
दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व चेयरमैन और पद्मविभूषण डॉ. अनिल काकोडकर को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि से विभूषित करेंगी। इसके साथ ही सात विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल प्रदान किए जाएंगे। साथ 283 विद्यार्थियों को बीटेक, एमटेक व मैनेजमेंट की उपाधियां दी जाएंगी।

पुलिस ने कारकेड निकाला
राष्ट्रपति के आगमन से पूर्व ही बुधवार को पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम की फाइनल रिहर्सल की। पुलिस ने पुलिस लाइन से एयरबेस तक कारकेड निकाला। वीवीआईपी मूवमेंट के समय ट्रैफिक कुछ देर के लिए रोका जाएगा। वीवीआईपी के निकलने के बाद ट्रैफिक को खोल दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!