विदिशा

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिला मंच: जावती प्रीमियर लीग (जे पी एल) व ओखलीखेड़ा टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

आनंदपुर डेस्क :

आनंदपुर क्षेत्र में खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए उत्साह का माहौल बनाते हुए ग्राम जावती एवं ग्राम ओखलीखेड़ा में दो बड़े क्रिकेट आयोजनों का भव्य शुभारंभ किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल भावना को बढ़ावा देना है।
ग्राम जावती में आयोजक लेखराज मीना (पटवारी) के पिता स्वर्गीय देवी सिंह मीना की स्मृति में जावती प्रीमियर लीग (जे पी एल) का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन मैच राठौर 11 आनंदपुर एवं धाकड़ 11 कुड़नखेड़ी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर राठौर 11 ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए धाकड़ 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99 रन बनाए और मुकाबले में 39 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में बेहतरीन खेल के लिए पप्पू धाकड़ को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें मेडल एवं टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ लक्ष्मी मीणा, लक्ष्मण मार, प्रेमनारायण विश्वकर्मा, गजराज अहिरवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


आयोजक जयपाल सिंह मीना ने बताया कि यह प्रतियोगिता उनके दादाजी स्वर्गीय देवी सिंह मीना एवं पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है। इस लीग में अनोखों टीमों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹31,000 तथा उपविजेता टीम को ₹15,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता को और रोमांचक बनाने के लिए आयोजकों द्वारा विशेष पुरस्कारों की भी घोषणा की गई है। एक ही ओवर में छह छक्के लगाने वाले बल्लेबाज तथा एक ओवर में छह विकेट लेने वाले गेंदबाज को ₹1,100-₹1,100 का विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।

इसी कड़ी में ग्राम ओखलीखेड़ा के खेल स्टेडियम में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। यह आयोजन श्री राधारमन सेवा समिति के तत्वावधान में हो रहा है। उद्घाटन अवसर पर मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने फीता काटकर तथा स्वयं बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस मौके पर रवि पाटीदार, भूपेंद्र धाकड़, अभिषेक रघुवंशी सहित अन्य टीमों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


आयोजनकर्ता नितिन भार्गव ने बताया कि यह टूर्नामेंट 11 दिनों तक चलेगा, जिसमें आसपास के कई गांवों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए टीमों से ₹851 की एंट्री फीस रखी गई है। विजेता टीम को ₹21,111 तथा उपविजेता टीम को ₹11,111 की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैट्समैन को ₹1,100-₹1,100 की शील्ड प्रदान की जाएगी। यह पूरा आयोजन समिति के संरक्षक कपिल त्यागी के संरक्षण में संपन्न हो रहा है।

दोनों आयोजनों को लेकर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारे, अनुशासन और खेल संस्कृति को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!