विदिशा

विदिशा जिले की अंतिम सीमा पर ग्राम उनारसी कला में हुआ भव्य हिंदू सम्मेलन: संतों के संदेश से जागी सामाजिक एकता की चेतना

आनंदपुर डेस्क :

विदिशा जिले की अंतिम सीमा पर स्थित ग्राम उनारसीकला के हाई स्कूल परिसर में शुक्रवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में ग्राम उनारसी कला सहित आसपास के लगभग 7 से 9 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणजन, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत रूप से किया गया।
हिंदू सम्मेलन के मुख्य वक्ता संत सत्यनारायण गिरी महाराज रहे। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि समाज को सशक्त और संगठित बनाने के लिए माताओं-बहनों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी माता-बहनें अपने बच्चों को सनातन संस्कृति, संस्कार, सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रति जागरूक करें। साथ ही उन्होंने प्रत्येक सनातनी हिंदू परिवार से आग्रह किया कि वे अपने घर में कम से कम पांच पौधे अवश्य लगाएं, जिनमें विशेष रूप से केला, शमी, आंवला, तुलसी और कुश शामिल हों। संत गिरी ने कहा कि ये पौधे न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा और मानसिक शांति भी प्रदान करते हैं।


अपने वक्तव्य में संत सत्यनारायण गिरी ने सामाजिक एकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हिंदू समाज को मजबूत बनाने के लिए जातिगत भेदभाव को समाप्त करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारे एससी-एसटी वर्ग के भाई भी हमारे अपने हैं, उन्हें अपनाना ही सच्चा हिंदुत्व है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग उनके पास बैठें, उनसे संवाद करें, चाहे तो उन्हें अपने घर बुलाएं और कम से कम सप्ताह में एक बार आपसी बातचीत अवश्य करें। ऐसा करने से ही समाज में आपसी विश्वास बढ़ेगा और हिंदू समाज संगठित होकर आगे बढ़ेगा।
सम्मेलन को अशोक श्रीवास्तव एवं बाबूलाल चौरसिया ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने विचार रखते हुए हिंदू एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।


कार्यक्रम के दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित एक शानदार नाटक का मंचन किया गया, जिसने सभी उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग तथा संयमित गति कितनी आवश्यक है।


कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण क्षेत्र के प्रसिद्ध कवि एवं चित्रकार कालू पेंटर उर्फ कालूराम राव रहे, जिन्होंने भारत माता और वीर शिवाजी महाराज की जीवंत पेंटिंग मात्र कुछ ही मिनटों में बनाकर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।

हिंदू सम्मेलन के समापन अवसर पर सभी सनातनी हिंदू भाई-बहनों के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने पंक्तिबद्ध बैठकर एक साथ भोजन ग्रहण किया।

इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, दिनेश शर्मा, सुरेंद्र यादव, प्रदीप सेन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और हिंदू एकता का सशक्त संदेश दिया।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!