संघ शिक्षा वर्ग में बोले आरएसएस प्रमुख्य: अहिल्याबाई ने जो वस्त्र उद्योग लगाया वो आज भी रोजगार दे रहा

भोपाल डेस्क :
राजधानी के शारदा विहार में चल रहे संघ शिक्षा वर्ग में रानी अहिल्याबाई होलकर की 300 वीं जयंती मनाई गई। वर्ग में मौजूद संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने अहिल्याबाई द्वारा किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि शासक कैसा होना चाहिए, अहिल्या बाई इसकी आदर्श हैं।
आज की स्थिति में भी उनका चरित्र आदर्श के समान है। अपनी प्रजा को रोजगार मिले, इसलिए उन्होंने उद्योगों का निर्माण किया और ऐसा पक्का निर्माण किया कि महेश्वर का वस्त्र उद्योग आज भी चलता है और बहुत लोगों को रोजगार देता है।
अपने राज्य की कर व्यवस्था को उन्होंने बेहतर किया व किसानों की चिंता की। देश में अनेक स्थानों पर उन्होंने मंदिर बनवाए। भागवत ने कहा, वे स्वयं राज्य करती थीं, तो भी अपने को राजा नहीं मानती थीं। आसपास के राजा भी उन्हें देवी मानते थे, उनका सम्मान करते थे। संघ प्रमुख भागवत शनिवार को भी शिक्षा वर्ग में रहेंगे।



