न्यूज़ डेस्क

उत्तरी सिक्किम में सड़क दुर्घटना: सेना का ट्रक खाई में गिरा, 16 जवानों की मौत, 4 घायल जवान एयरलिफ्ट कर पहुंचाया अस्पताल, प्रधानमंत्री ने जताया दुःख

न्यूज़ डेस्क :

सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को आर्मी का ट्रक खाई में गिर गया। इसमें 16 जवानों की मौत हो गई। आर्मी ने बताया कि वाहन एक तीखे मोड़ पर फिसल गया और सीधे खाई में जा गिरा। इस वाहन के साथ आर्मी की दो वैन और थी। तीनों वाहन सुबह चटन से थंगू के लिए निकले थे। सेना की रेस्क्यू टीम ने 4 घायल जवानों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल में भर्ती कराया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। PM ने जान गंवाने वाले जवानों के परिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा- उत्तरी सिक्किम में सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से बहुत दुखी हूं। देश उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए उनके प्रति कृतज्ञ है। मृतक जवानों के परिवारों को मेरी संवेदनाएं। घायल जवानों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

नॉर्थ-ईस्ट में हुए हादसे

1. 22 नवंबर को सिक्किम में ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान पैराशूट न खुलने से स्पेशल फोर्सेज यूनिट के असिस्टेंट लीडर लघ्याल की मौत हो गई। हादसे के दौरान वे भारत-चीन बॉर्डर पर प्रैक्टिस कर रहे थे। सिक्किम के नामची जिले के रावंग्ला के रहने वाले 40 साल के लघ्याल 22 साल के अनुभव वाले पैराशूट जंपर थे। वे 8 साल से विकास रेजिमेंट से जुड़े थे।

2. 24 जून को फर्स्ट बटालियन सिक्किम स्काउट्स के दो जवानों की सिक्किम के जुलुक में सड़क हादसे में मौत हुई थी। जवानों के नाम लांस नायक मनोज छेत्री और नायब सुबेदार सोम बहादुर सुब्बा था। दोनों जवान जुलुक में काम कर रहे मजदूरों को लेने जा रहे थे, जब धुंध के चलते वाहन 300 फीट नीचे गिर गया।

3. 21 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियान्ग जिले में सेना का हेलिकॉप्टर ‘रुद्र’ क्रैश होने से 5 जवानों की जान चली गई। हादसा टूटिंग हेडक्वार्टर से 25 किलोमीटर दूर सिंगिंग गांव के पास हुआ है। जहां ये हादसा हुआ है वो एरिया सड़क मार्ग से कनेक्टेड नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!