खेल

IPL मिनी ऑक्शन : टीमों ने 167 करोड़ रुपए खर्च कर 80 खिलाड़ी खरीदे, नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे सैम करन, पूरन सबसे कीमती विकेटकीपर

खेल डेस्क :

इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोच्चि में चल रहे IPL मिनी ऑक्शन में 24 साल के करन को 18.50 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा।

टीमों का कुल बजट 206.50 करोड़ रुपए था। इनसे अधिकतम 87 खिलाड़ी खरीदे जा सकते थे। लेकिन टीमों ने 167 करोड़ रुपए खर्च कर 80 खिलाड़ी ही खरीदे।

ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को 17.50 करोड़ में मुंबई इंडियस ने और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ में चेन्नई सुपरकिंग्स ने खरीदा। वहीं, वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन को लखनऊ सुपरजायंट्स ने 16 करोड़ रुपए में खरीदा। ऑक्शन में सबसे बड़ा पर्स लेकर उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने हैरी ब्रूक को 13.25 करोड़ और भारत के मयंक अग्रवाल को 8.25 करोड़ रुपए में खरीदा।

अनकैप्ड प्लेयर्स में भारत के शिवम मावी को 6 करोड़ रुपए में गुजरात टाइटंस ने और बंगाल के मुकेश कुमार को 5.50 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा।

IPL मिनी ऑक्शन के 4 बड़े पॉइंट्स

1. सबसे महंगे सैम करन, क्रिस मॉरिस का रिकॉर्ड तोड़ा

सैम करन IPL ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। पंजाब ने उन्हें 18.50 करोड़ रुपए में खरीदा। सबसे महंगे प्लेयर का पिछला रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के क्रिस मॉरिस के नाम था। उन्हें 16.25 करोड़ रुपए मिले थे। हालांकि करन IPL इतिहास में सबसे अधिक रकम पाने वाले खिलाड़ी नहीं हैं।

2. IPL इतिहास में सबसे कीमती विकेटकीपर बने पूरन

IPL नीलामी इतिहास में एक और रिकॉर्ड बना। विकेटकीपर के तौर पर अब तक सबसे महंगे बिकने वाले वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं। उन्हें 16 करोड़ में लखनऊ सुपर जॉयंट्स ने खरीदा। इससे पहले सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विकेटकीपर मुंबई के ईशान किशन (15.25 करोड़) थे। बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर सबसे ज्यादा बोली लगी।

3. अनकैप्ड विव्रांत और आयरिश लिटिल ने सबको चौंका दिया

अनकैप्ड खिलाड़ियों के ऑक्शन में जम्मू-कश्मीर के विव्रांत शर्मा पर लगी बोली ने सबको सरप्राइज कर दिया। लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी करने में सक्षम विव्रांत को सनराइजर्स ने 2.6 करोड़ रुपए में खरीदा। अनकैप्ड तेज गेंदबाज शिवम मावी को भी टाइटंस ने 6 करोड़ रुपए में खरीदा। उनके अलावा बंगाल के पेसर मुकेश कुमार को 5.50 करोड़ में दिल्ली ने खरीदा। टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक लेने वाले लेफ्ट हैंड पेसर जोश लिटिल पर भी बड़ी बोली लगी। उन्हें गुजरात टाइटंस ने 4.40 करोड़ में खरीदा। वे पहली बार IPL ऑक्शन में थे।

4. फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर रिकॉर्ड बोली

उम्मीद के मुताबिक मिनी ऑक्शन में फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स सबसे ज्यादा डिमांड में रहे। 30 मिनट में इन ऑलराउंडर्स ने 59 करोड़ रुपए बटोर लिए। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सैम करन को सबसे ज्यादा 18.50 करोड़ रुपए में पंजाब ने खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपए में अपने नाम किया। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपए मिले। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा। जेसन होल्डर को राजस्थान रॉयल्स ने 5.75 करोड़ रुपए में खरीदा।

IPL मिनी ऑक्शन के 3 पॉइंट्स…

1. इंग्लैंड के रूट, साउथ अफ्रीका के रुसो और बांग्लादेश के शाकिब नहीं बिके
इंग्लैंड के जो रूट और साउथ अफ्रीका के विस्फोटक बैटर राइली रुसो को ऑक्शन में कोई भी खरीदार नहीं मिला। रूट की बेस प्राइस एक करोड़ रुपए और रुसो की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए थी। रूट पहली बार ऑक्शन में थे। रुसो 2014 और 2015 के IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम का हिस्सा थे। बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को किसी ने नहीं खरीदा। वे 2021 में हैदराबाद की टीम में थे। बांग्लादेश के दाएं हाथ के बैटर लिटन दास भी नहीं बिके।

ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा, साउथ अफ्रीका के तब्रैज शम्सी, अफगानिस्तान के मुजीब-उर रहमान और वेस्टइंजडीज के अकील हुसैन को कोई खरीदार नहीं मिला। इनके अलावा इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन और न्यूजीलैंड के एडम मिल्न भी नहीं बिके। विकेटकीपर में बांग्लादेश के लिटन दास, श्रीलंका के कुसल मेंडिस और इंग्लैंड टॉम बैंटन भी अनसोल्ड रहे।

2. इंग्लिश-ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स पूरा सीजन खेलेंगे
बेन स्टोक्स, कैमरून ग्रीन और सैम करन जैसे टॉप इंग्लिश और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी IPL 2023 के पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे। BCCI ने IPL टीमों को भेजे एक पत्र में कहा है कि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों के IPLके पूरे सीजन में उपलब्ध रहने की पुष्टि की है।

3. पांच भारतीय बॉलर्स पर लग सकता है बैन
BCCI ने कहा है कि ऑक्शन के लिए शामिल किए गए 5 भारतीय गेंदबाजों पर उनके संदिग्ध एक्शन के लिए बैन लग सकता है। जिसमें मुंबई के स्पिनर तनुष, केरल के रोहन, विदर्भ के अपूर्व वानखेड़े, गुजरात के चिराग गांधी और महाराष्ट्र के रामकृष्णन घोष शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!