खुलासा – यह सोचकर कर दिए टुकडे़-टुकड़े की जानवर खा जाएंगे: पति बोला-गर्म पानी में गिरने से 2 माह की बेटी की मौत हो गई, पत्नी गलती नहीं मानती थी

भोपाल डेस्क :
भोपाल के ईंटखेड़ी में एक महिला की सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। वह 21 मई से लापता थी। पुलिस ने 12 घंटे सर्चिंग कर 16 अधजले अवशेष बरामद किए हैं। जिसमें गर्दन, पसली, पैर शामिल हैं। महिला के लापता के 12वें दिन 1 जून को खुलासा हुआ कि हत्या उसी के पति नदीम उद्दीन की थी। वह भी इसलिए की पत्नी दो माह की बेटी की गर्म पानी में गिरने से हुई मौत में खुद की गलती नहीं स्वीकारती थी।
पूछताछ में नदीम उद्दीन ने पत्नी के गायब होने से लेकर शव ठिकाने लगाने तक की कहानी बताई। कहा- बेटी की मौत के बाद हुए विवाद के चलते पत्नी सानिया 2 महीने से अलग रह रही थी। एक दिन मैने उसे घर लाने का सोचा। कॉल कर बात करने के लिए मनाया। फिर बाइक से उसे घर ले आया। उसे अपनी गलती मानकर पहले की तरह साथ रहने के लिए कहा तो उसने इंकार कर दिया। दोनों के बीच बहस होने लगी। गुस्से में आकर मैंने उसका गला घोंट दिया। बाद में ऑटो से शव लेकर 2 किमी दूर अरवलिया खंती पहुंचा। घर से निकलते वक्त साथ में चाकू और फावड़ा भी रख लिया था।

पहले शव को कचरा खंती में जलाने की कोशिश की। नहीं जल सकी तो दफनाने का प्रयास किया। फावड़े से गड्ढा खोदना शुरू किया। लेकिन, खोद नहीं पाया। ऐसे में शव को चाकू से कई टुकड़े में बांट दिया। पहले गर्दन काटी। फिर हाथ-पैर और शरीर के दूसरे हिस्से अलग किए। सभी हिस्सों को यह सोचकर अलग-अलग फेंक दिए कि जंगली जानवर और कुत्ते खा जाएंगे। जिससे वह कभी पकड़ में नहीं आएगा, और पत्नी हमेशा के लिए गुमशुदा रह जाएगी। वहां से लौटा तो सबसे पहले ऑटो को धोया। चाकू को साफ किया। फिर सो गया।
बेटी की मौत के लिए सानिया को जिम्मेदार बताया
आरोपी नदीम ने पुलिस को बताया कि सानिया की गलती के कारण ढाई महीने पहले उसकी दो माह की बेटी की गर्म पानी में गिरने से मौत हो गई थी। तब सानिया ने अपनी गलती नहीं मानी थी, इस बात को लेकर दोनों में विवाद होते रहे। कुछ दिन बाद सानिया उसे छोड़कर चली गई। उसके मामा-नानी वापस भेजने के लिए राजी नहीं थे। कई बार मनाने का प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थी।
दो महीने से मायके में रह रही थी सानिया
सानिया की मां की मौत 12 साल पहले हो गई थी। पिता दूसरी बेटी के साथ रहते हैं। ऐसे में उसकी परवरिश नानी ने ही की है। नानी के घर से ही परेवाखेड़ा गांव के रहने वाले नदीम उद्दीन से उसका निकाह 2020 में हुआ था। शादी के पांच दिन बाद से ही वह बाइक की मांग करने लगा। आए दिन उसे घर से निकाल दिया करता था।
सानिया के ममेरे भाई अनस ने बताया कि नदीम ऑटो चलाने के साथ ही मजदूरी का काम करता है। चरित्र संदेह के चलते नदीम बहन से मारपीट करता था। जब ढाई महीने पहले उसकी 2 महीने की बेटी की मौत हो गई तो वह पहले से ज्यादा परेशान करने लगा। आए दिन मारपीट करता था। इससे तंग आकर वह घर आ गई थी, और 2 महीने से यहीं रह रही थी।
।
निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने के आरोप भी लगाए
अनस ने आरोप लगाए हैं कि सानिया को नदीम ने मिलने के बहाने से 21 मई को बुलाया था। वह बिन बताए घर से निकली, इसके बाद रहस्यमय हालातों में लापता हो गई। 22 मई को उसकी गुमशुदगी थाना निशातपुरा में दर्ज कराई थी। कहीं कोई सुराग नहीं मिला। 5 दिन पहले हम गांव में बहन की तलाश करते हुए पहुंचे। वहां कुछ लोगों ने जानकारी दी कि बहन को नदीम ने कुछ दिन पहले निर्वस्त्र कर घुमाया और पीटा था।
इस बात की जानकारी पुलिस को दी। तब आरोपी को हिरासत में लिया, वह गुमराह करता था। शुक्रवार की देर रात उसने पुलिस को हत्या की पूरी कहानी बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव के अवशेष बरामद किए।
अनस का कहना है कि सानिया की परवरिश हमारे घर में हुई। सगी बहन और उसमें कभी फर्क नहीं किया। हैसियत अनुसार उसकी शादी भी की। कभी नहीं सोचा था, जिसके हाथ में बहन का हाथ दिया वही उसका कातिल साबित हो गया। कैसे नदीम ने मेरी बहन को इतनी बेदर्दी से कत्ल कर दिया।

एक बार भी उसके दिल में नहीं आया कि वह उसकी भी पत्नी है। मैने अपनी आंखों से बहन सानिया के शव को 16 हिस्सों में देखा है। गर्दन धड़ से अलग थी। एक पांव अलग मिला है। सीने की हडि्डयों के 14 टुकड़े कर दिए गए। यह मंजर मैं कभी नहीं भूल सकता। जिस बेदर्दी से मेरी बहन को मारा गया है, इसके लिए नदीक को फांसी से कम कोई सजा नहीं होना चाहिए



