भोपाल

36 जिलों के 1,48,251 किसानों को 159.52 करोड़ की राहत राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की: बंडा MLA ने CM की VC में राजस्व अमले की खोली पोल, शिवराज बोले-मैं चेक कराता हूं

भोपाल डेस्क :

एमपी के अलग-अलग जिलों में ओलावृष्टि से हजारों किसानों की फसलें चौपट हो गई हैं। सीएम ने आज 36 जिलों के 1,48,251 किसानों की प्रभावित हुई 1,12,770 हेक्टेयर फसल के लिए राहत राशि के तौर पर 159.52 करोड़ की राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की। इसके बाद सीएम ने ओला प्रभावित किसानों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। सागर जिले से वर्चुअल जुडे बंडा से कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर भेदभाव करने और लापरवाही के आरोप लगाए।

विधायक बोले- अफसरों की लापरवाही से मेरे क्षेत्र के किसानों के नाम नहीं आए

सीएम सागर जिले के किसान प्रानसिंह से वर्चुअल चर्चा कर रहे थे। सीएम ने किसान से पूछा आपके पास कितनी जमीन है ? प्रान सिंह ने बताया कि मेरे पास दस एकड़ है। कितनी जमीन में नुकसान हुआ था? 2.75 हेक्टेयर में नुकसान हुआ था? प्रानसिंह ने कहा आप खुद देखकर आए थे। बाली देखकर आए थे दाने सब झड़ गए थे। आप कहकर आए थे चिंता मत करो। इसके बाद प्रानसिंह ने कहा आप जो कहकर आए थे कि आपको राहत राशि देंगे। आपने राशि दिला दी। नहीं तो हमारे बाल-बच्चे भूखे मर जाते। प्रान सिंह की बात खत्म होते ही बंडा विधायक तरवर सिंह लोधी ने बीच में कहा माननीय, मेरे ब्लॉकों (शाहगढ़, बंडा)में नुकसान हुआ था। किसी कारण वश या तो तहसीलदार आरआई, पटवारी की गलती से हमारे यहां के किसानों के नाम नहीं आए। शाहगढ़ में तीन गांव और बंडा में छह गांव ओलावृष्टि से प्रभावित हैं। विधायक की बात सुनकर सीएम ने कहा जहां भी नुकसान हआ है। वहां भी इंतजाम करेंगे। मैं खुद चेक करा लूंगा।

सीएम ने किसानों से पूछा सर्वे ठीक से हुआ, किसी ने पैसे तो नहीं मांगे
कार्यक्रम में सीएम ने वर्चुअल जुडे किसानों से चर्चा की। हितग्राहियों से संवाद में विदिशा जिले के किसान रामबाबू से चर्चा की। रामबाबू से सीएम ने पूछा सर्वे ठीक से हुआ? कोई परेशानी तो नहीं आई। किसी ने सर्वे के पैसे तो नहीं मांगे। सीएम ने कहा आपकी फसल का जो नुकसान हुआ था उसकी राहत राशि आपके खाते में डाली है। अब हम जल्द ही फसल बीमा योजना की राशि भी दिलाएंगे।
शिवपुरी की कविता यादव से चर्चा की। कविता ने हमारे पास बताया सात बीघा जमीन है। सीएम ने पूछा और किस योजना का लाभ मिल रहा है।
मंदसौर से दयाल सिंह से चर्चा की। एक हेक्टेयर 56 आरे जमीन है। गेहूं बोया था। पूरी जमीन में नुकसान हो गया था। सर्वे ठीक से हो गया। फतेहसिंह ने बताया कि रात में ओलावृष्टि हुई और सुबह सात बजे सर्वे की टीमें खेतों में आ गई थीं।

सीएम बोले- अब फसल बीमा की राशि भी दिलाएंगे
सीएम ने प्रभावित जिलों से जुडे किसानों और कलेक्टर्स को संबोधित करते हुए कहा- अलग-अलग ओला प्रभावित जिलों में बैठे किसान भाई दिन-रात खून पसीना एक करते हैं। उसके बाद उसके घर में अन्न के दाने आते हैं। इस बार तीन दौर में अलग-अलग जिलों में ओलावृष्टि हुई और किसानों की फसल खराब हुई। कुछ जगहों पर मैने दौरा किया और वीडियो संदेश के माध्यम से सबको आश्वस्त किया था कि संकट की घड़ी में भाजपा की सरकार आपके साथ खड़ी है। हम संकट के पार निकालकर ले जाएंगे। आज 160 करोड़ की राशि ओला प्रभावित किसानों के खातों में डाली है।
सीएम ने कहा केवल यही राहत नहीं है। फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने में हम कोई कसर नहीं छोडेंगे। क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट्स से लेकर जो जरूरी आवश्यकताएं पूरी करने हैं वो पूरी करें। सर्वे ठीक से हों इसके लिए राजस्व विभाग के अलावा पंचायत, कृषि विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें सर्वे करने गईं। हमने कहा था गांव में सर्वे की सूची चस्पा कर दो।
ओला प्रभावित किसानों की बेटियों को शादी में मिलेगी 55 हजार की मदद
सीएम ने कहा- फसल बीमा योजना के साथ ही प्रभावित किसानों की कर्ज वसूली स्थगित की थी। कर्ज का ब्याज भरने का फैसला किया। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में सामूहिक विवाह पर ही पैसा दिया जाता है। अगर प्रभावित किसान के घर में बेटी की शादी होती है तो 55 हजार की राशि अलग से स्वीकृत की जाती है। किसान के घर संकट की घड़ी में बेटी की शादी मामा ही करवाएगा।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- किसानों को जल्द ही मई के महीने में किसान जो कांग्रेस की कर्जमाफी के झूठी घोषणा के कारण डिफाल्टर हो गए थे। उनका ब्याज भी भरवाएंगे। पीएम किसान कल्याण योजना के लाभ के साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के चार हजार रुपए भी दो किश्तों में डलेंगे। किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!